इंदौर: 42 मकान जमींदोज, लाखों का होम लोन बरकरार; कृष्णबाग के 20 से ज्यादा परिवारों पर दोहरी मार, छत छिनी लेकिन EMI चुकाने की मजबूरी, दूसरी संपत्ति पर भी बैंक की वसूली का संकट

एक तरफ जिंदगीभर की कमाई से बनाया आशियाना मलबे में तब्दील हो गया, दूसरी तरफ लाखों रुपए का बैंक लोन अभी बाकी है। इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन की रिमूवल कार्रवाई के बाद 20 से अधिक परिवार के सामने अब दोहरी मुसीबत खड़ी हो गई है

जिन मकानों को बनाने के लिए लोगों ने निजी बैंकों से होम लोन लिया था, वे मकान अब टूट चुके हैं, लेकिन बैंक की किस्तें अब भी चुकानी हैं। खास बात यह है कि बैंक ने इन लोगों को मकानों की रजिस्ट्री और दस्तावेजों की जांच के बाद ही लोन मंजूर किया था।

बैंक के नियमों के मुताबिक, मकान टूटने से कर्ज खत्म नहीं होता। लोन लेने वाले व्यक्ति को EMI चुकानी ही होगी। किस्तें नहीं भरने पर खाता डिफॉल्ट होगा और तय अवधि के बाद NPA घोषित किया जा सकता है।

इसके बाद बैंक SARFAESI एक्ट के तहत गिरवी संपत्ति पर कब्जा लेने और नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर सकता है, लेकिन जब मकान ही नहीं बचा, तब बैंक किस संपत्ति पर कार्रवाई करेगा? क्या जमीन पर उसका अधिकार बना रहेगा? और अगर संपत्ति से पूरा पैसा नहीं मिला तो बाकी रकम की वसूली कैसे होगी? कृष्णबाग कॉलोनी के रहवासियों के सामने अब यही सवाल हैं।

मकान हटाने की 3 तस्वीरें…

2012 के बाद रजिस्ट्रियां हुईं, फिर बैंकों ने लाखों का लोन दिया

कृष्णबाग कॉलोनी में जमीन और मकानों का विवाददो दशक पुराना है। रहवासियों के मुताबिक, वर्ष 2003 से यहां प्लॉट की खरीद-बिक्री नोटरी के आधार पर शुरू हुई। इसके बाद वर्ष 2012-13 में कई प्लॉट और मकानों की रजिस्ट्रियां होने लगीं। रजिस्ट्री के आधार पर लोगों ने निजी बैंकों से होम लोन भी लिया।

रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में 20 से अधिक ऐसे मकान थे, जिन पर अभी भी लाखों रुपए का बैंक लोन चल रहा था। कई परिवारों ने अपनी जमा पूंजी लगाने के साथ बैंक से कर्ज लेकर मकान तैयार किए थे। बैंक ने लोन देने से पहले संपत्ति के दस्तावेजों की कानूनी जांच, वैल्यूएशन और अन्य औपचारिकताएं पूरी की थीं। इसके बाद ही ऋण स्वीकृत किया गया।

रहवासियों का यह भी कहना है कि नगर निगम उनसे संपत्ति कर ले रहा था और घरों में नर्मदा के पानी के कनेक्शन भी थे। ऐसे में अब मकान टूटने के बाद उनके सामने बैंक का कर्ज चुकाने का संकट खड़ा हो गया है।

मकान टूटने से बैंक का लोन खत्म नहीं होता

एक्सपर्ट एडवोकेट चंचल गुप्ता के मुताबिक, बैंक से लिया गया लोन मकान टूटने या संपत्ति नष्ट होने से अपने आप समाप्त नहीं होता। लोन एग्रीमेंट के तहत कर्ज चुकाने की जिम्मेदारी उस व्यक्ति की होती है, जिसने ऋण लिया है। बैंक के लिए मकान का निर्माण गिरना और लोन की देनदारी खत्म होना दो अलग-अलग बातें हैं।

बैंक ने यदि मकान के साथ जमीन भी मॉर्गेज रखी है तो निर्माण टूटने के बाद भी जमीन पर उसका सुरक्षा अधिकार बना रह सकता है। हालांकि, जमीन का मालिकाना हक विवादित होने, संपत्ति की कानूनी स्थिति और अदालत के आदेशों के आधार पर बैंक के अधिकारों की जांच जरूरी होगी।

यदि जांच में विक्रेता की ओर से गलत जानकारी देने, दस्तावेजों में गड़बड़ी या बैंक की ओर से जरूरी जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई और नुकसान की भरपाई का दावा किया जा सकता है। हालांकि, इससे कर्जदार की बैंक के प्रति देनदारी अपने आप खत्म नहीं होती।

90 दिन EMI नहीं भरी तो NPA होगा खाता, फिर शुरू होगी वसूली

बैंक से होम लोन लेने के बाद हर महीने तय तारीख पर EMI चुकानी होती है। इसमें मूलधन और ब्याज दोनों शामिल होते हैं। किस्त लगातार बकाया रहने पर बैंक पहले रिमाइंडर और रिकवरी नोटिस भेजता है। रिजर्व बैंक के नियमों के मुताबिक, टर्म लोन की किस्त या ब्याज 90 दिन से अधिक समय तक बकाया रहने पर खाता NPA यानी नॉन परफॉर्मिंग एसेट घोषित किया जा सकता है।

NPA होने के बाद बैंक SARFAESI एक्ट के तहत वसूली की कार्रवाई शुरू कर सकता है। हालांकि, इसके लिए लोन का सुरक्षित ऋण होना और कानून की अन्य शर्तें पूरी होना जरूरी है।

लाखों का लोन बाकी, अब कैसे भरेंगे किस्तें

रिमूवल कार्रवाई के बाद रहवासियों की चिंता सिर्फ सिर से छत छिनने की नहीं, बल्कि बैंक का कर्ज चुकाने की भी है। रहवासी अरुण ने बताया कि वे करीब 15 साल से यहां रह रहे थे। बेहद गरीबी और मेहनत से उन्होंने अपना मकान बनाया था। परिवार के सदस्य पैसे बचाने के लिए बाहर खाना तक नहीं खाते थे। इलेक्ट्रिशियन का काम करके एक-एक पैसा जोड़ा और फिर मकान तैयार किया।

उन्होंने कहा कि अब मकान टूटने के बाद परिवार किराये के मकान में रहने को मजबूर है। लाखों रुपए का बैंक लोन अभी बाकी है। समझ नहीं आ रहा कि जब रहने के लिए मकान ही नहीं बचा तो बैंक की किस्तें कैसे भरेंगे।

बर्तन धोकर, ठेला लगाकर बनाए मकान; अब सिर से छत भी गई

रहवासी दिनेश चौहान ने बताया कि यहां गरीब परिवारों ने बर्तन धोकर, ठेला लगाकर और मजदूरी करके मकान बनाए थे। कई परिवारों के पास अब कुछ नहीं बचा है। बुजुर्ग माता-पिता और बच्चों का पालन-पोषण कैसे होगा, यह सबसे बड़ी चिंता है। उन्होंने कहा कि मैं सब्जी का ठेला लगाता हूं। सालों की मेहनत के बाद घर तैयार किया था। मकान बनाने के लिए बैंक से लोन लिया था, लेकिन अब मकान ही नहीं बचा। समझ नहीं आ रहा कि लोन की किस्तें कैसे चुकाएंगे।

23 रहवासियों को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत, बाकी मकानों पर कार्रवाई

ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2 की जमीन पर बने मकानों को लेकर श्रीराम बिल्डर्स और रहवासियों के बीच वर्ष 2003 से विवाद चल रहा है। इस मामले में अलग-अलग न्यायिक स्तरों पर सुनवाई हुई। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने 23 रहवासियों को अंतरिम राहत देते हुए उनकी बेदखली पर रोक लगाई थी। वहीं, अन्य रहवासियों के खिलाफ बेदखली संबंधी आदेश अंतिम हो चुके थे। इसी कानूनी स्थिति के आधार पर जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कृष्णबाग कॉलोनी में रिमूवल कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *