इंदौर के गांधी नगर स्थित गोधा एस्टेट गोलीकांड में क्राइम ब्रांच की एसआईटी को अब तक शूटरों के स्पष्ट फुटेज नहीं मिल पाए हैं। बदमाशों के आने-जाने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही टीम मोबाइल डेटा और आसपास के जिलों की पुलिस से भी जानकारी जुटा रही है।

सीसीटीवी मे शूटर
जांच में एक अहम तथ्य सामने आया है कि जिस बिल्डर मनीष गोधा को डराने के लिए शूटरों ने फायरिंग की, उन्हें 10 महीने पहले भी धमकी मिली थी। हालांकि, तब उन्होंने खुद अपनी शिकायत पर आगे की कार्रवाई में रुचि नहीं दिखाई थी।
गांधी नगर थाना क्षेत्र के गोधा एस्टेट में शुक्रवार देर रात हेलमेट पहने बदमाश ने पिस्टल से 6 से ज्यादा राउंड फायर किए थे। अगले दिन एफएसएल, क्राइम ब्रांच, भोपाल एटीएस और इंदौर एसटीएफ की टीमें मौके पर पहुंची थीं। घटनास्थल का निरीक्षण करने और लोगों से पूछताछ के बाद टीमें लौट गईं। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर अब क्राइम ब्रांच की एसआईटी मामले की जांच कर रही है।
नेपाल के रास्ते दुबई ट्रांसफर किए थे 2.60 करोड़ के USDT
जांच में सामने आया है कि पिछले करीब 6 महीने से लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोग इंदौर के बिल्डरों को निशाना बना रहे हैं। बदमाश पहले उनकी रेकी करते हैं और फिर एक विशेष ऐप के जरिए विदेशी नंबरों से धमकियां देते हैं। क्राइम ब्रांच के अधिकारी मनीष गोधा को 10 महीने पहले धमकी मिलने की पुष्टि कर चुके हैं, लेकिन उस समय मामले की जांच आगे नहीं बढ़ सकी थी।
इंदौर के अन्य बिल्डरों और कारोबारियों को भी धमकियां मिलने के बाद भोपाल एसटीएफ ने इसकी जांच शुरू की थी। एसटीएफ ने क्राइम ब्रांच की एसआईटी को जानकारी दी कि मनीष गोधा की ओर से 2 करोड़ 60 लाख रुपए के USDT (क्रिप्टोकरेंसी) नेपाल के रास्ते दुबई ट्रांसफर किए गए थे।
जांच के दौरान एसटीएफ की टीम दुबई के नंबरों तक भी पहुंची थी। इन नंबरों के जरिए दूसरे विदेशी अकाउंट में रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिली थी। हालांकि, गोधा की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराने के कारण एसटीएफ इस मामले में आगे कार्रवाई नहीं कर सकी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने भी उस समय जांच आगे नहीं बढ़ाई।
बिल्डर की चुप्पी से जांच में चुनौती
गोलीकांड के बाद क्राइम ब्रांच की एसआईटी शूटरों तक पहुंचने के लिए तीन प्रमुख बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, बिल्डर मनीष गोधा से पूछताछ में सामने आई जानकारियों को लेकर अधिकारी फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। एसआईटी पहले शूटरों की पहचान और उनकी लोकेशन पता करने में जुटी है।
शूटरों की तलाश में एसआईटी की एक टीम उज्जैन के टोल नाकों के फुटेज भी खंगालने पहुंची थी, लेकिन वहां से भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए काले कपड़े पहने थे। इससे उनकी पहचान करने में परेशानी आ रही है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने का तरीका किसी पेशेवर गैंग की ओर इशारा कर रहा है। इसी आधार पर मोबाइल डेटा, सीसीटीवी फुटेज और दूसरे जिलों की पुलिस से मिले इनपुट को जोड़कर जांच की जा रही है।