
एयर इंडिया के एक क्रू मेंबर के कोरोना संक्रमित होने पर सिडनी से फ्लाइट को यात्रियों के बिना ही लौटा दिया गया है। सिडनी से उड़ान भरने वाले एयर इंडिया विमान के चालक दल का एक सदस्य की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों ने यात्रियों को विमान में सवार होने से रोक दिया और खाली विमान वापस भेज दिया। जानकारी के मुताबिक विमान में कुछ सामान लादा गया था। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली-सिडनी के बीच उड़ान के संचालन से पहले शनिवार को दिल्ली में विमान के चालक दल के सभी सदस्यों की आरटी-पीसीआर जांच की गई और सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।सूत्रों ने कहा कि रविवार सुबह सिडनी पहुंचने पर ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने चालक दल के सभी सदस्यों की आरटी-पीसीआर जांच कराई, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आई। इसमें एक सदस्य के संक्रमित होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने यात्रियों को विमान में सवार होने से रोक दिया। कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए चालक दल के सदस्य को सिडनी में ही आइसोलेट कर दिया गया है। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर 15 मई तक भारत से सभी विमानों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
दरअसल कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्दे नजर ऑस्ट्रेलिया ने भारत से आने वाली सभी डायरेक्ट फ्लाइट पर 15 मई तक रोक लगा दी है. प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने मंगलवार को कहा कि भारत यात्रा करने पर पैदा होने वाले खतरों के मद्देनजर ये रोक कम से कम 15 मई तक रहेगी. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ये फैसला भारत में बढ़ते कोरोना मामलों की वजह से उठाया गया है. हाल के दिनों में ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड समेत दुनियाभर के कई मुल्कों ने भारत में बढ़ते कोरोना खतरे के मद्देनजर फ्लाइट बैन लागू किया है.
24 घंटे में कोरोना के 3 लाख से ज्यादा मामले:-वहीं दूसरी तरफ देश में कोरोना के मामले रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं. हर बीतते दिन के साथ संक्रमितों और मौतों की संख्या में इजाफा देखने को मिल कहा है. पिछले 24 घंटे में देश में 3.23 लाख कोरोना के मामले सामने आए. यह छठा दिन है जब 24 घंटे में कोरोना के 3 लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं. वहीं, पिछले 24 घंटे में 2,51,827 मरीज रिकवर हुए हैं. इस तरह कुल रिकवर मरीजों की संख्या बढ़कर 1,45,56,209 हो गई है.