एक कमरा… करीब 40 मिनट का वक्त… न चीख-पुकार, न हलचल और फिर ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की मौत। इंदौर के एलएक्स होटल के कमरा नंबर 101 में सोनिला के पहुंचने के करीब एक घंटे बाद पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल आया। करीब 40 मिनट बाद बाहर निकलकर उसने होटल स्टाफ से कहा था- सोनिला बेहोश है।
पोस्टमॉर्टम में फंदे से मौत का एंगल सामने आया है, लेकिन शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से कारण स्पष्ट होगा। सोनिला के पति संजय ने कहा- दीपक को जानता हूं, अभी बात नहीं करूंगा; 8 दिन बाद पूरी बात बताऊंगा। पुलिस दीपक की तलाश कर रही है। सोनिला को कार से अस्पताल ले जाने का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
ये तस्वीरें देखिए…



कार में डेडबॉडी डालते दिख रहे लोग
CCTV फुटेज में होटल के बाहर सफेद रंग की कार खड़ी दिखाई दे रही है। कार के आसपास 5 युवक नजर आ रहे हैं। इनमें से 2 युवक डेडबॉडी को कार के अंदर डालते दिख रहे हैं, जबकि कारोबारी कार के पास ही खड़ा है। इसके बाद कारोबारी होटल के एक स्टाफ को इशारे से अपने साथ चलने के लिए कहता है। हालांकि, स्टाफ उसके साथ जाने से मना कर देता है।
अस्पताल में परिजन से हुई कारोबारी की कहासुनी
सोनिला के परिजन ने बताया कि दीपक ने अस्पताल से फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। वहां उनकी दीपक से कहासुनी भी हुई। इसके बाद दीपक अस्पताल से चला गया।

पत्नी का शव देखकर पति की आंखों से निकले आंसू
गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद सोनिला का शव एमवाय अस्पताल से बाहर लाया गया। पत्नी का शव देखते ही संजय भावुक हो गया। उसकी आंखों से आंसू निकल आए। कुछ देर वह शव के पास खड़ा रहा।
इसके बाद संजय ने परिवार के साथ मिलकर स्ट्रेचर से सोनिला का शव उठाया। शव को एंबुलेंस में रखा गया और परिवार वहां से रवाना हो गया। परिवार पहले शव को नंदानगर ले गया, इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए ब्यावरा रवाना हुआ।

पति से करीब एक साल से अलग रह रही थी सोनिला
सोनिला के पति संजय ने बताया कि उनकी शादी करीब 14 साल पहले ब्यावरा में हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। कुछ साल पहले परिवार इंदौर आ गया था। हालांकि, पिछले करीब एक साल से संजय ब्यावरा में रह रहा था, जबकि सोनिला इंदौर में रह रही थी।
दीपक के बारे में पूछने पर संजय ने कहा कि वह उसे जानता है, लेकिन अभी इस बारे में बात नहीं करना चाहता। उसने कहा- करीब आठ दिन बाद पूरी बात बताऊंगा।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक सोनिला के परिवार को जानता था। परिवार के साथ उसका सामाजिक मेलजोल भी था। परिवार की ओर से अभी तक दीपक पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
पोस्टमॉर्टम में सामने आया फंदे का एंगल
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को एमवाय अस्पताल में सोनिला का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद तिलक नगर पुलिस और डॉक्टरों के बीच हुई चर्चा में फंदे से मौत का एंगल सामने आया है।
हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी। पुलिस ने विसरा भी जांच के लिए भेजा है।

होटल का DVR और दस्तावेज जब्त
एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने होटल से DVR और जरूरी दस्तावेज जब्त किए हैं। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा मोबाइल लोकेशन और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि सोनिला के होटल पहुंचने के बाद दीपक कब आया, दोनों कितनी देर कमरे में रहे और उसके बाहर निकलने के बाद सोनिला किस स्थिति में मिली।
दीपक की तलाश में पुलिस की कई टीमें
एडिशनल डीसीपी के मुताबिक, दीपक खंडेलवाल शादीशुदा है और पालदा क्षेत्र में पाइप का कारोबार करता है। घटना के बाद से उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे तलाश रही है।
