
T20 World Cup 2021 के 18वें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया. इस मैच में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों और गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. हालांकि इस मुकाबले में एक बड़ा हादसा भी होते-होते बच गया. साउथ अफ्रीका-वेस्टइंडीज के मैच में अंपायरिंग कर रहे पाकिस्तानी अंपायर अलीम दार एक नहीं बल्कि 2-2 बार चोटिल होने से बचे वो भी एक ही गेंद पर. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.घटना वेस्टइंडीज की पारी के 20वें ओवर की है. पहले बल्लेबाजी करते हुए विंडीज टीम ने निर्धारित ओवर में 8 विकेट पर 143 रन बनाए. आखिरी ओवर में स्ट्राइक पर कायरन पोलार्ड थे और उन्होंने प्रिटोरियस की गेंद पर सीधा शॉट खेला, गेंद तेजी से अंपायर की तरफ आई और डार ने उतनी ही तेजी से खुद को इस शॉट से चोटिल होने से बचा लिया, मगर इस कारण वह नीचे गिर गए.
गेंद बाउंड्री की तरफ जा रही थी, तभी फील्डर रासी वान डेर दुसान ने उसे रोक लिया और थ्रो किया. इस थ्रो पर भी डार मुश्किल में आ गए थे और उन्होंने फिर से इस थ्रो पर खुद की जान बचाई. मैच की बात करें तो इस मैच में साउथ अफ्रीकन टीम ने 8 विकेट से जीत दर्ज की. टी20 वर्ल्ड कप 2021 में साउथ अफ्रीकन टीम की यह पहली जीत है.
पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया से उसे हार का सामना करना पड़ा था. वहीं कैरेबियाई टीम ने अपने दो मुकाबले गंवा दिए हैं और अब टूर्नामेंट में उसकी उम्मीदें कम होती जा रही है. पहले बल्लेबाजी करते हुए विंडीज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 143 रन बनाए, जिसे साउथ अफ्रीका ने 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. रीजा हेंड्रिक्स ने 39, वन डेर दुसान ने 43 और एडेन मार्करम ने नाबाद 51 रन की पारी खेली.