
बॉलीवुड एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर एक गंभीर आरोप लगाया है, शर्लिन चोपड़ा ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने मुझे अंडरवर्ल्ड की धमकी दी . न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, शर्लिन ने ये भी कहा है, ‘उन्होंने अब मुझे मानहानि का नोटिस भेजा, लेकिन मैं डरूंगी नहीं. मैं पुलिस से मेरा बयान दर्ज करने का अनुरोध करती हूं ताकि मेरी शिकायत पर संज्ञान लिया जा सके. मानसिक प्रताड़ना के लिए 75 करोड़ रुपये मांगने का जवाब नोटिस भेज चुकी हूं.
बता दें, हाल ही में शर्लिन चोपड़ा ने राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ कथित रूप से यौन उत्पीड़न, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के लिए शिकायत दर्ज की थी, जिसके बाद शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने शर्लिन चोपड़ा के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया था.
गौरतलब है कि राज कुंद्रा हाल ही में एक पोर्नोग्राफी मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद चर्चा में थे. इस मामले में पुलिस ने शर्लिन चोपड़ा के बयान दर्ज करवाए थे, जिन्होंने उन पर ऑनलाइन पोर्न बनाने और वितरित करने का आरोप लगाया था.
इसके बाद हाल ही में शर्लिन ने राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी. शर्लिन ने राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ कथित तौर पर मेंटल और सेक्शुअल हैरेसमेंट के साथ धोखाधड़ी के आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया था.
एक प्रेस कॉन्प्रेस के दौरान शर्लिन ने कहा था, ‘लड़कियों से जिस्म की नुमाइश करवाकर आप उनकी पेमेंट क्लियर क्यों नहीं करते? आप उनको चूना क्यों लगाते हैं? आप उनको टोपी क्यों पहनाते हैं? क्या ये होता है एथिकल बिजनेस? आपको बिजनेसमैन बनना है, जाइए सीखिए, टाटा कैसे बिजनस करते हैं. एथिक्स के साथ करते हैं, जो वादे करते हैं वो निभाते हैं और आप क्या करते हैं? आप आर्टिस्ट के घर पर जाकर उनका यौन शोषण करते हैं. उनके घर पर जाकर उसे अंडरवर्ल्ड की धमकी देते हैं. बोलते हैं यौन शोषण का केस वापस ले वरना तेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी.’