
भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक को बड़ी खुशखबरी मिली है. वे जुड़वा बच्चों के पिता बने हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी खुद दी. उन्होंने बच्चों के विशेष नाम भी बताए. यह फैंस को पसंद भी आ रहे है. कार्तिक ने स्क्वॉश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल से शादी की है. वे आईपीएल 2021 में केकेआर की ओर से खेले थे. वे टीम के कप्तान भी रह चुके हैं. उन्होंने बच्चों के नाम कबीर पल्लीकल कार्तिक और जियान पल्लीकल कार्तिक रखा है।

दिनेश कार्तिक ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करके लिखा, ‘हम 3 से 5 हो गए हैं। हमें 2 बेटों का आशीर्वाद मिला है। इनके नाम कबीर पल्लीकल कार्तिक और जियान पल्लीकल कार्तिक हैं। ये हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी का पल है।’ दिनेश कार्तिक और दीपिका पल्लीकल ने साल 2015 में शादी की थी। पल्लीकल देश के सबसे प्रमुख स्क्वैश खिलाड़ियों में से एक है। उन्होंने 2006 में अपना प्रोफेशनल स्क्वैश डेब्यू किया था और वो प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन महिला रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह बनाने वाली पहली भारतीय बनीं थी।

कार्तिक की बात करें तो यूएई में खेले आईपीएल 14 के दूसरे लेग में उनकी टीम केकेआर फाइनल में पहुंची थी। चेन्नई सुपर किंग्स ने केकेआर को हराकर चौथी बार आईपीएल का खिताब जीता। कार्तिक मार्च में इंग्लैंड के भारत दौरे के दौरान कमेंट्री टीम का हिस्सा थे। पिछले दिनों इंग्लैंड में हुए द हंड्रेड में कमेंट्री करते हुए भी दिखे थे। विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक ने भारत की तरफ से 26 टेस्ट में 1025 रन, 94 वनडे में 1752 रन जबकि 32 टी20 इंटरनेशनल में 399 रन बनाए हैं।