
मैक्सिको के जाकाटेकास राज्य में अधिकारियों को गुरुवार को 10 शव मिले हैं, जिनमें से नौ शव एक पुल से लटके हुए थे. दरअसल, मैक्सिको में सक्रिय ड्रग कार्टल्स के लिए यह क्षेत्र की लड़ाई के चलते इस तरह की वारदात होती रही हैं. इन संघर्षों में हर साल हजारों लोगों की जान चली जाती है.
जकाटेकस स्टेट पब्लिक सेफ्टी एजेंसी ने बयान जारी किया कि ये शव मैक्सिको शहर के उत्तर में करीब 550 किमी दूरी पर बरामद किए गए हैं. एक ओर जहां 9 शव पुल से लटके हुए मिले. वहीं, अधिकारियों को 10वीं लाश फुटपाथ से मिली थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सभी मृतक पुरुष थे. हालांकि, इस तरह की खबरें नई नहीं हैं. कई बार कार्टल्स दुश्मनों का मजाक उड़ाने या स्थानीय लोगों को डराने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते रहते हैं.
क्षेत्र पर नियंत्रण हासिल करने के लिए सिनालोआ और हलीस्को न्यू जनरेशनल कार्टल्स आपस में लड़ रहे हैं. यह अमेरिका की उत्तरी सीमा तक ड्रग्स को ले जाने का अहम रास्ता है. आंकड़े बताते हैं कि साल के शुरुआती 9 महीनों में मैक्सिको में 25 हजार से ज्यादा हत्याएं हो चुकी हैं. हालांकि, बीते साल की तुलना में यह आंकड़ा 3.4 फीसदी कम है.
अपहरण और हत्या के मामले बढ़े:-मैक्सिको के लोगों के लिए इस समय बड़ी परेशानी असुरक्षा है. यहां अपहरण और हत्या होना बेहद आम बात है. लोगों के शव तक उनके परिवारों को नहीं मिल पाते हैं. यही वजह है कि देश से बड़े स्तर पर लोग पलायन करने को मजबूर हैं. ज्यादातर देश सीमा के रास्ते अमेरिका जाना पसंद करते हैं (Mexico Kidnapping). ये लोग अमेरिका जाने के लिए गैर कानूनी तरीका अपनाते हैं. जिसके चलते अमेरिका इन्हें अपने देश में प्रवेश करने नहीं देता और वापस भेज देता है.