
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बुधवार को साउथ अफ्रीका दौरे पर जा रही टेस्ट टीम के 18 सदस्यों के नामों की घोषणा कर दी। इस बीच बोर्ड ने एकदिवसीय सीरीज के लिए रोहित शर्मा को टीम का कप्तान बनाने का बड़ा फैसला किया। इसके साथ ही वनडे में विराट कोहली (Virat Kohli) के चार साल का कप्तानी सफर पर विराम लग गया। सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि रोहित शर्मा की कप्तानी में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का रोल क्या होगा।
टीम इंडिया के स्टार ओपनर रोहित शर्मा ने टेस्ट कप्तान विराट कोहली की जमकर तारीफ की है और कहा है कि वो इस टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। हिटमैन ने कहा कि विराट के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है और वो टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे। उनका मानना है कि कप्तान का काम 20 प्रतिशत मैदान पर होता है और बाकी रणनीति में रहता है. रोहित ने कहा कि हर कप्तान चाहता है कि उसके खिलाड़ी आईसीसी के बड़े मुकाबलों की निर्णायक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बदतर के लिये भी तैयार रहें.
रोहित शर्मा ने कहा, ‘‘विराट कोहली जैसा बल्लेबाज टीम को हमेशा चाहिये. टी20 प्रारूप में 50 से अधिक का औसत अवास्तविक और जबर्दस्त है. वह कई बार भारत को संकट से बाहर निकाल चुका है. कप्तान का काम यह सुनिश्चित करना होता है कि सही खिलाड़ी खेल रहे हैं. सही संयोजन है और कुछ तकनीकी बातों को ध्यान में रखना होता है.’’ उनका मानना है कि कप्तान को अपने प्रदर्शन से ही बोलना चाहिये वरना दूसरे खिलाड़ियों का सहारा बनकर उनके पीछे रहना चाहिये. रोहित ने कहा, ‘‘मैं ऐसा इसलिये कह रहा हूं क्योंकि वह पीछे रहकर बदलाव ला सकता है और यह सुनिश्चित कर सकता है कि वह सबके साथ है. इसलिये मैं कह रहा हूं कि उसे टीम का सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति होना चाहिये.’’
रोहित शर्मा ने आगे कहा, ‘‘मेरा काम ज्यादा बाहर होगा. खिलाड़ियों को उनकी जिम्मेदारी सौंपना और उम्मीद करना कि वे मैदान पर उन पर खरे उतरे. मैदान पर आपके पास तीन ही घंटे हैं जिनमें बहुत कुछ बदला नहीं जा सकता क्योंकि 11 खिलाड़ी खेल रहे हैं. मैदान पर बहुत बदलाव संभव नहीं हैं.’’ रोहित ने आईपीएल में पांच बार खिताब जीते हैं लेकिन उनका कहना है कि टीम प्रबंधन ने मजबूत टीम तैयार की है और इस प्रदर्शन में उनकी भूमिका कम है.
उन्होंने कहा कि वह बता नहीं सकते कि पिछले तीन आईसीसी टूर्नामेंटों (2017 चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल, 2019 विश्व कप सेमीफाइनल और इस साल टी20 विश्व कप) में गलती कहां हुई. उन्होंने कहा, ‘‘हम शुरुआत चरण में हार गए. मैं चाहता हूं कि हम तीन विकेट पर दस रन जैसे हालात के लिये भी तैयार रहें. उसके बाद के बल्लेबाजों को तैयार रहना चाहिये. यही कहीं नहीं लिखा है कि तीन विकेट 10 रन पर गंवाने के बाद हम 190 रन नहीं बना सकते.”