
देश के लिए अहम ऑपरेशन्स को अंजाम देने और नेतृत्व करने वाले भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत अब हमारे बीच नहीं हैं। बुधवार, 8 दिसंबर को तमिलनाडु में कुन्नूर के पास उनका हेलिकॉप्टर दुर्घटना ग्रस्त हो गया था हादसे में बिपिन रावत समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी. अब शहीद रावत का एक आखिरी वीडियो सामने आया है. ये वीडियो आपको भावुक कर देगा. इस वीडियो में उन्होंने वीर जवानों को स्वर्णिम विजय पर्व पर बधाई दी है. ये वीडियो 7 दिसंबर को रिकॉर्ड किया गया था.
करीब एक मिनट 10 सेकेंड के इस वीडियो में शहीद रावत ने कहा, ‘स्वर्णिम विजय पर्व के मौके पर मैं सभी जवानों को हार्दिक बधाई देता हूं. भारतीय सेना की 1971 की लड़ाई में जीत की 50वीं वर्षगांठ को हम विजय पर्व के तौर पर मना रहे हैं. मैं इस पावन पर्व पर सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों को याद करते हुए उनके बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.’
‘आओ मिलकर मनाए विजय पर्व’
शहीद जनरल रावत ने लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की थी. वीडियो में उन्होंने आगे कहा, ’12 से 14 दिसंबर तक इंडिया गेट पर विभिन्न तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. ये बड़े ही सौभाग्य की बात है कि विजय पर्व अमर जवान ज्योति की छांव में आयोजित किया जा रहा है, जो कि हमारे वीर शहीदों की याद में स्थापित की गई थी. हम सभी देशवासियों को इस विजय पर्व के जश्न में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित करते हैं. अपनी सेनाओं पर है हमें गर्व, आओ मिलकर मनाएं विजय पर्व.’
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया याद
इससे पहले रविवार को दिल्ली के इंडिया गेट पर स्वर्णिम विजय पर्व का उद्घाटन किया गया. इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश को जनरल रावत की कमी खल रही है. उन्होंने कहा, ‘जनरल बिपिन रावत के निधन से देश ने एक बहादुर सैनिक, योग्य सलाहकार और ज़िंदादिल इंसान को खोया है. आज मुझे उनकी कमी काफ़ी अधिक महसूस हो रही है.’