
फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में भी कोरोना वायरस के केस लगातार बढ़ रहे हैं। अब तक कई हस्तियां इस वायरस का शिकार हो चुकी हैं और अब पॉप्युलर टीवी सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के बाघा उर्फ तन्मय वेकारिया भी इसकी चपेट में आ गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैंस को इसकी जानकारी दी है। तन्मय वेकारिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए फैंस के साथ कोरोना से संक्रमित होने की अपडेट शेयर की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘ सभी को हैलो। सारी सावधानियां बरतने के बावजूद मेरी कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऐसे में पिछले दो-तीन दिनों में जो भी मेरे संपर्क में आए हैं वह अपना टेस्ट जरूर करवा लें। आप सभी अपना ख्याल जरूर रखें। तन्मय की इस पोस्ट के बाद उनके फैंस उनकी सलामती और जल्द ही स्वास्थय होने की दुआ कर रहे हैं।
सीरियल के ये एक्टर्स हुए थे संक्रमित
तारक मेहता का उल्टा चश्मा के कई एक्टर्स इससे पहले कोरोना से संक्रमित हो गए थे। दूसरी लहर के दौरान शो में भिड़े का किरदार निभाने वाले मंदार कोरोना से संक्रमित हो गए थे। इसके अलावा सुंदर का किरदार निभाने वाले मयूर वकानी भी इस महामारी से संक्रमित हो गए थे। मंदार को होम क्वारंटाइन किया गया था। इसके अलावा गोली का किरदार निभाने वाले कुश शाह भी महामारी की चपेट में आ गए थे। सभी ठीक होकर शो में वापसी की थी।
ये टीवी सेलेब्स भी संक्रमित
टीवी जगत में कई सेलेब्स महामारी की तीसरी लहर की चपेट में आ गए हैं। एकता कपूर, नकुल मेहता, एरिका फर्नांडिज, गुम है किसी के प्यार में की एक्ट्रेस आयशा सिंह, काम्या पंजाबी भी कोरोना पॉजीटिव हो गई हैं।
देशभर में कोरोना महामारी के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,41,986 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 285 मरीजों के जान गंवाई है। मुंबई में मात्र 24 घंटों के भीतर COVID-19 के 20,000 से अधिक मामलों को दर्ज किए गए।