
मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। दिल्ली में भाजपा की सदस्यता हासिल करने के बाद अपर्णा यादव लखनऊ पहुंचीं और अपने ससुर मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद लिया। खुद अपर्णा यादव ने यह फोटो अपने ट्वीटर पर पोस्ट किया। साथ में कैप्शन लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने के पश्चात लखनऊ आने पर पिताजी/नेताजी से आशीर्वाद लिया
वहीं अपर्णा यादव के बीजेपी में शामिल होने को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था ‘मैं उन्हें (अपर्णा को) बधाई देना चाहता हूं. मैं खुश हूं कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा फैल रही है. मुझे विश्वास है कि हमारी विचारधारा वहां (बीजेपी में) पहुंचेगी और लोकत्रंत को फैलाएगी.’ हालांकि, सपा अध्यक्ष ने ये भी कहा था कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने अपर्णा को समझाने का हरसंभव प्रयास किया.
गौरतलब है कि अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की पत्नी हैं. बीजेपी में शामिल हुईं अर्पणा पहले भी कई बार भाजपा की योजनाओं की तारीफ कर चुकी हैं. उन्होंने हाल ही में एक बयान में कहा था कि मैं हमेशा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित रही हूं. मैं हमेशा भाजपा की योजनाओं से बहुत प्रभावित रही हूं.