
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा की बाह विधानसभा सीट से प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान मंच पर कुछ ऐसा हुआ जिसे देखकर हर कोई हैरान रहा गया। जनसभा में सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन ने जिला अध्यक्ष जीतेंद्र वर्मा को तमाचा दिखा दिया। यह देखकर पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
दरअसल, अखिलेश यादव आगरा की बाह सीट पर प्रचार करने पहुंचे थे. यहां रामजी सुमन मंच से जनता को संबोधित कर रहे थे. इस वक्त अखिलेश यादव और जिला अध्यक्ष जीतेंद्र वर्मा आपस में बातचीत कर रहे थे. यह बात रामजीलाल को पसंद नहीं आई. उन्होंने दो बार जिला अध्यक्ष को अपने भाषण के बीच में इशारा करके बात करने से मना किया. लेकिन जब जीतेंद्र वर्मा ने अखिलेश से बात करना बंद नहीं किया, तो रामजीलाल माइक छोड़कर जिला अध्यक्ष के पास आए और तमाचा दिखा दिया.
हंस पड़े अखिलेश यादव
रामजीलाल के तमाचा हटाने के बाद जिला अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष की हंसी छूट गई और दोनों जोर जोर से हंसने लगे. इसके बाद दोनों ने बातचीत भी करना बंद कर दिया.
अखिलेश ने साधा बीजेपी सरकार पर निशाना
इसके बाद अखिलेश यादव ने सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला तो साथ ही सीएम योगी को भी निशाने पर रखा. अखिलेश ने किसानों के साथ ही युवाओं को भी रिझाने के लिए वादों के तीर खूब चलाए. अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आए तो यूपी में आलू की प्रोसेसिंग यूनिट लगाएंगे. अखिलेश यादव इतने पर ही नहीं रुके. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक उन्होंने ये भी कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो हम वोडका प्लांट भी लगवाएंगे.