
बॉलीवुड सिंगर लता मंगेशकर के निधन से देशभर के लोगों को गहरा सदमा लगा है. ये पूरे संगीत जगत के लिए एक बड़ा नुकसान है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती. लता मंगेशकर ने अपना सारा जीवन संगीत को समर्पित कर दिया. उन्होंने एक से बढ़कर एक सिंगर्स संग परफॉर्म किया. 60 और 70 के दौर में बॉलीवुड में जो म्यूजिक बने उन्हें गोल्डन एरा कहा जाता है. एक से बढ़कर एक सिंगर्स, गीतकार और म्यूजिक डायरेक्टर्स थे. अब लता मंगेशकर भी संगीत जगत की अन्य बड़ी हस्तियों के साथ हमेशा के लिए अमर हो गईं. अदनान सामी ने उन्हें खास अंदाज में ट्रिब्यूट दिया है.

अदनान ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पेंटिंग शेयर की है, जिसमें लता मंगेशकर के अलावा कई दिवंगत लिजेंड्री सिंगर्स भी नजर आ रहे हैं. इस पेंटिंग को एक स्वर्ग का रूप दिया गया है, जहां किशोर कुमार, मोहम्मद रफी, मुकेश, मन्ना डे, नौशाद साहेब, मदन मोहन, एसडी बर्मन और पंचम दा नजर आ रहे हैं. वहीं, लता दीदी को पीछे से दिखाया गया है, ऐसा लग रहा है मानो लता दीदी स्वर्ग पहुंच गई हैं और किशोर दा उनका स्वागत कर रहे हैं.
इस पेंटिंग में सारे लिजेंड्री सिंगर्स लता दीदी को देखकर मुस्कुरा रहे हैं. अदनान द्वारा शेयर की गई इस पेंटिंग को देख सोशल मीडिया पर लोग काफी भावुक हो रहे हैं और कमेंट कर दीदी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. अब यह पेंटिंग इंटरनेट पर छाई हुई है. बता दें, लता दीदी का 6 फरवरी की सुबह 92 साल की उम्र में निधन हो गया था. वह लगभग एक महीने से बीमार थीं.
लता दीदी का का इलाज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में चल रहा था और इसी हॉस्पिटल में उन्होंने अपनी अंतिम सांसें लीं. उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ मुंबई के शिवाजी पार्क में किया गया था, जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के अलावा कई मंत्री और बॉलीवुड के कई दिग्गज सितारे भी लता दीदी के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे.