
दिलीप जोशी और मुनमुन दत्ता की केमिस्ट्री को फैंस तारक मेहता का उल्टा चश्मा में खूब पसंद करते हैं. शो में दिलीप जोशी जेठालाल की भूमिका निभाते हुए नजर आते हैं, तो वहीं बबीता जी की भूमिका में मुनमुन दत्ता दिखाई देती हैं. अब हाल ही में दोनों की मुलाकात Indian Television Academy Awards के दौरान हुई. इस दौरान दोनों हैंड शेक करते हुए दिखाई दिए. जेठालाल और बबीता जी को एक साथ देख फैंस काफी खुश नजर आ रहे थे. आलम ये देखने को मिला कि इन दोनों को साथ देखते ही पैपराजी ने हूटिंग करना शुरू कर दिया.
शो में हिट है जेठालाल और बबीता की कैमिस्ट्री
दिलीप जोशी और मुनमुन दत्ता ने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं और रविवार को मुंबई में आयोजित किए गए इस इवेंट में ये जोड़ा सभी का ध्यान खींचता दिखा। मालूम हो कि शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में जेठालाल बबीता जी को पसंद करता है और हर वक्त उनके साथ फ्लर्ट करने की कोशिश करता रहता है। हालांकि फैमिली मैन होने के चलते वह अपनी सीमाओं और मर्यादाओं को कभी नहीं लांघता।
कमेंट बॉक्स में क्रेजी होते दिखे जेठा के फैंस
हालांकि बात करें दोनों कलाकारों की इस रियल लाइफ मुलाकात की तो दोनों की रेड कार्पेट ट्यूनिंग का ये वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया है और कमेंट सेक्शन में लोग मजे लेते दिखाई पड़ रहे हैं। फैन पेजों पर जमकर शेयर हो रहे इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा, ‘हे मां, माताजी… टप्पू के पापा ये क्या।’ एक अन्य फैन ने लिखा, ‘क्या जेठाजी, इधर भी फ्लर्ट।’
3300 से ज्यादा एपिसोड हो चुके हैं प्रसारित
तमाम यूजर्स ने कपल को बबीता जी और जेठालाल कहकर संबोधित किया है जो कि उनके किरदारों के नाम हैं। बता दें कि साल 2008 से प्रसारित हो रहे इस धारावाहिक के 3,300 से अधिक एपिसोड अभी तक टेलीकास्ट हो चुके हैं और बावजूद इसके ये शो टीआरपी लिस्ट में टॉप 10 के भीतर रहता है। लुक की बात करें तो इस इवेंट में मुनमुन दत्ता व्हाइट ऑफ शोल्डर हाई स्लिट ड्रेस पहने दिखाई पड़ीं और दिलीप जोशी ने शिमरी मरून आउटफिट पहन रखा था।