
टीवी के पॉपुलर कॉमेडी ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) पिछले कई दिनों से लगातार चर्चा में बना हुआ है. शो में दयाबेन का किरदार निभाने वाली दिशा वकानी के जाने से बाद से शो की कास्ट में लगातार बदलाव हो रहे हैं. खास बात यह है कि यह बदलाव मेकर्स की वजह से नहीं बल्कि इसके कलाकारों की वजह से हो रहे है. दरअसल, बीते कुछ महीनों में अंजली मेहता का किरदार निभाने वाली नेहा मेहता के शो छोड़ने के बाद, हाल में तारक मेहता का किरदार निभाने वाले शैलेष लोढ़ा ने भी शो को अलविदा कह दिया है. अब ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को लेकर एक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. जिसको जानने के बाद शो के दर्शकों को झटका भी लग सकता है.
करीबी सूत्रों के मुताबिक, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बबीता जी का किरदार करने वाली अभिनेत्री मुनमुन दत्ता भी इस शो को छोड़ने वाली हैं. उन्होंने यह फैसला ओटीटी के चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी का हिस्सा बनने की वजह से लिया है. हालांकि मुनमुन दत्ता और ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के मेकर्स की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
गौरतलब है कि बिग बॉस ओटीटी के मेकर्स ने शो का हिस्सा बनने के लिए मुनमुन दत्ता को अप्रोच किया है. अगर अभिनेत्री रियलिटी शो का हिस्सा बनती हैं तो उन्हें ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ को छोड़ना पड़ेगा. वहीं आपको बता दें कि हाल ही में शैलेश लोढ़ा ने इस शो को छोड़ दिया है. वह इस शो का करीब 14 साल तक हिस्सा रहे थे. कहा जा रहा है कि शैलेश पिछले कुछ महीनों से शूटिंग पर नहीं आए हैं और आगे भी आने की उनकी कोई प्लानिंग नहीं है.