
ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो के एड को महाकाल से जोड़ने पर विवाद हो गया है। कंपनी का ये एड एक्टर ऋतिक रोशन ने किया है। इसमें वे कह रहे हैं- थाली का मन किया। उज्जैन में हैं, तो महाकाल से मंगा लिया। इस पर महाकाल मंदिर के पुजारियों ने विरोध दर्ज कराया है। पुजारियों का कहना है, महाकाल मंदिर से इस तरह की कोई थाली दुनिया के किसी भी कोने में तो क्या, उज्जैन में भी डिलीवर नहीं की जाती है। जोमैटो और ऋतिक रोशन को माफी मांगना चाहिए।
मंदिर के पुजारी महेश ने कहा, ऐसे एड जारी करने से पहले कंपनी को सोचना चाहिए। हिंदू समाज सहिष्णु है। वो कभी उग्र नहीं होता। अगर कोई दूसरा समाज होता तो ऐसी कंपनी में आग लगा देता। कंपनी हमारी भावनाओं के साथ ऐसा खिलवाड़ न करें। कंपनी ने ये भ्रामक प्रचार किया है।
पुजारी महेश ने कहा, महाकाल मंदिर अन्न क्षेत्र में भक्तों को भोजन थाली में दिया जाता है, लेकिन थाली का भोजन डिलीवर करने का कोई प्रावधान नहीं है। जो कंपनी नॉनवेज खाना भी डिलीवर कर रही हो, उसे तुरंत महाकाल के नाम की थाली का भ्रामक विज्ञापन बंद कर देना चाहिए। कंपनी ने हिंदुओं भावना को ठेस पहुंचाई है। हम इसका घोर विरोध करते हैं। कंपनी ने माफी नहीं मांगी तो हम कोर्ट जाएंगे।
कलेक्टर बोले, कार्रवाई करेंगे
कलेक्टर और महाकाल मंदिर समिति के अध्यक्ष आशीष सिंह ने विज्ञापन को तथ्यहीन और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर में सिर्फ अन्न क्षेत्र में प्रसाद ग्रहण किया जा सकता है। यहां से कहीं भी थाली नहीं भेजी जाती है। भ्रामक विज्ञापन को बंद कराने के लिए कार्रवाई करेंगे।