उज्जैन: पोहा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 3 की मौत – देखे विडीओ

उज्जैन के उद्योगपुरी क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नागझिरी में स्थित एक पोहा फैक्ट्री में अचानक ही भीषण आग लग गई। आग के चलते फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर झुलस गए हैं। आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि 3 मजदूरों की झुलसने से मौत हो गई है। पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई है और मृतकों तथा झुलसे हुए लोगों को फैक्ट्री से बाहर निकाला जा रहा है।

 

हादसे में घायल हुई सीमा नाम की एक महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया है। इसके अलावा 45 वर्षीय दुर्गा निवासी बोरखेड़ी और ज्योति बाई निवासी नागझिरी की आगजनी में मौत हो गई है।

 

जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगने की बात कही जा रही है। आगजनी की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी और आग पर काबू पा लिया था। फैक्ट्री में लाइट नहीं है इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है और घायल को अस्पताल भी पहुंचा दिया गया है। उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है कि मामले में फैक्ट्री मालिक पर कार्रवाई की जाएगी। घटना किस वजह से हुई और क्या हुआ यह सब रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही बताया जा सकता है।

घटना शुक्रवार की शाम को नागझिरी स्थित पोहा फैक्ट्री में हुई है। जिस समय आग लगी उस समय कई महिलाएं फैक्ट्री में काम कर रही थी। बहुत सी महिलाएं झुलसी है जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। दो महिलाओं की पहचान हो चुकी है और तीसरी महिला का शव बाहर निकाला गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पोहा फैक्ट्री में लगी भीषण आग में जान गवाने वाले श्रमिकों के निधन पर दुख जताया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं को शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *