इंदौर। विराट कोहली से गले लगने के लिए फैन ने सुरक्षा में लगाई सेंध, पुलिस ने धर दबोचा – देखें VIDEO

इंदौर: भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने रविवार को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबले से 429 दिनों के बाद इस फॉर्मेट में अपनी वापसी की. इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में विराट ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 16 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके लगाए. कोहली को देखने के लिए स्टेडियम में फैंस बेताब थे. लेकिन एक फैन ने उस समय हद ही कर दी जब उसने विराट से मिलने के लिए स्टेडियम में छलांग लगा दी. अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान एक शख्स सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में जा घुसा और उसने विराट को गले लगा लिया. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो काफी वायरल हो रहा है.

यह मामला उस समय का है, जब अफगानिस्तान की टीम बल्लेबाजी कर रही थी और विराट सीमा रेखा पर फील्डिंग कर रहे थे. अफगानिस्तान की पारी के 18वें ओवर के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपना ओवर फेंक रहे थे. इस ओवर की चार गेंदें फेंके जाने के बाद वह शख्स अचानक से विराट कोहली के पास आ पहुंचता है.सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि वह सुरक्षा घेरा तोड़कर मैदान में आ पहुंचता है और फिर पहले विराट के पैरों को टच करता है और फिर उनसे गले लग जाता है. विराट भी उस शख्स को गले लगा लेता है. लेकिन इसके बाद तभी सिक्योरिटी वहां आ जाती है और उस शख्स को पकड़कर पुलिस के हवाले कर देती है. रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है और उसे तुकोगंज पुलिस थाने भेज दिया है.

भारत ने जीती टी20 सीरीज

 

मैच की बात करें तो भारत ने यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे की शानदार अर्धशतकों पारियों के दम पर दूसरे टी20 मुकाबले में अफगानिस्तान को 26 गेंदें बाकी रहते हुए 6 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया तीन मैचों की टी20 सीरीज जीत ली है. सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 17 जनवरी को बेंगलुरु में खेला जाएगा. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 172 रन का स्कोर खड़ा किया.

भारत ने 15.4 ओवर में चार विकेट पर 173 रन बनाकर जीत दर्ज की. जायसवाल ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 68 रन बनाए जबकि दुबे ने 32 गेंद पर नाबाद 63 रन की पारी खेली जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल हैं. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की. भारतीय कप्तान रोहित का यह 150वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला था और वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दुनिया के पहले मेंस खिलाड़ी बने हैं. विराट और रोहित की 14 महीने के बाद टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में वापसी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *