इंदौर में फिर हत्या… युवक की दिनदहाड़े हत्या के बाद अब राजेंद्र नगर क्षेत्र में डॉक्टर की गोली मारकर हत्या

इंदौर में नकाबपोश बदमाशों ने शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे होम्योपैथी डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक, कुंदन नगर में रहने वाले डॉक्टर सुनील साहू (28) को काबपोश बदमाशों ने क्लिनिक में घुसकर गोली मारी। वे कैंट रोड स्थित अपने घर पर ही जीवन ज्योति नाम से क्लिनिक चलाते थे।

गोली लगने के बाद डॉक्टर को पहले संकल्प अस्पताल ले जाया गया। बाद में यहां से यूनिक अस्पताल रेफर किया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर को सीने और पेट में कुल तीन गोलियां मारी गई हैं।

दवा लेकर निकले फिर लौटे और गोली मार दी

जानकारी के मुताबिक तीन बदमाश सर्दी-जुकाम का इलाज कराने के बहाने क्लिनिक में आए थे। वे दवा लेकर बाहर निकले और कुछ ही मिनटों में चेहरे पर नकाब चढ़ाकर लौटे और डॉक्टर पर गोली चला दी। गोली उनके सीने में लगी। फौरन उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वे बच नहीं सके।

मीनेश अस्पताल में नौकरी करते थे डॉ. साहू

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर सुनील साहू मीनेश अस्पताल में नौकरी करते थे। शाम को वे कुंदन नगर में क्लिनिक चलाते थे। बदमाशों ने क्लिनिक पहुंचकर पर्ची कटाई, 450 रुपए फीस चुकाई और डॉक्टर को दिखाकर दवाई लेकर बाहर निकल आए। उस वक्त वार्ड बॉय के अलावा दो–तीन मरीज और थे।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से भाग निकले। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

रात के खाने में इंतजार कर रहा था परिवार

डॉ. साहू की शादी डेढ़ साल पहले ही सोनाली से हुई थी। बच्चे नहीं है। ससुर बाबूलाल सब्जी का कारोबार करते हैं। ससुर के मुताबिक घटना के समय वे और बेटी सोनाली परस्पर नगर स्थित घर पर ही थे। सुनील आमतौर पर 9.30 बजे तक घर आ जाते हैं, इसलिए वे खाने के लिए उनका इंतजार कर रहे थे।

इसी बीच सोनाली के पास खबर आई कि सुनील को किसी ने गोली मार दी है। शुरुआती जांच में डॉ. साहू का किसी से कोई विवाद सामने नहीं आया है। फिलहाल, पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *