धर्मांतरण के मास्टरमाइंड छांगुर बाबा पर ED की बड़ी कार्रवाई: बलरामपुर-मुंबई के 14 ठिकानों पर छापे, 100 करोड़ की विदेशी फंडिंग, हवाला नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग और फर्जी पहचान का जाल बेनकाब

UP में धर्मांतरण के मास्टरमाइंड छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन के ठिकानों पर ED की रेड हुई है। गुरुवार सुबह 5 बजे से बलरामपुर के 12 ठिकानों और मुंबई के 2 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, 100 करोड़ की फंडिंग के मामले में ED ने यह कार्रवाई की है।

दरअसल, UP ATS को छांगुर बाबा गिरोह के हवाला नेटवर्क, संदिग्ध बैंक ट्रांजैक्शन और विदेशी फंडिंग के कई सुराग हाथ लगे थे। इस संबंध में ATS ने ED को दस्तावेज सौंपे थे। इसके बाद ED ने यह एक्शन लिया है।

सूत्रों के मुताबिक, ED की जांच में पता चला है कि गिरोह के 30 में से 18 बैंक खातों में अब तक करीब 68 करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन दर्ज हुआ है। महज तीन महीने में 7 करोड़ रुपए की विदेशी फंडिंग इन खातों में हुई। यह रकम हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के जरिए विभिन्न देशों से भेजी गई है।

छांगुर गिरोह की गतिविधियों से जुड़े आतंकी नेटवर्क के दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।

1- एक बड़ी इमारत को आतंकी ट्रेनिंग कैंप के तौर पर इस्तेमाल किए जाने के सबूत। यह इमारत कहां की है यह स्पष्ट नहीं हो पाया।

2- विदेशी फंडिंग से बंगला, शोरूम, फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियां खरीदी गईं।

3- दरगाह में हर साल भव्य उर्स का मेला लगता था। इसमें देश-विदेश से लोग जुटते थे। इसका मकसद धर्मांतरण करवाना रहता था।

बलरामपुर में छांगुर बाबा के 12 ठिकानों पर ED की रेड चल रही है।

मुंबई में छांगुर का करीबी निकला शहजादा, बांद्रा स्थित ठिकाने पर रेड ED की कार्रवाई में छांगुर नेटवर्क का एक अहम नाम सामने आया है। शहजादा, जो छांगुर का बेहद करीबी बताया जा रहा है। ED टीम ने गुरुवार सुबह मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित शहजादा के ठिकाने पर छापेमारी की।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि शहजादा के खाते में दो करोड़ रुपए की संदिग्ध रकम ट्रांसफर की गई थी। यह रकम बलरामपुर निवासी नवीन के जरिए पहुंची थी। ED को शक है कि यह पूरा लेनदेन धर्मांतरण नेटवर्क से जुड़ी हवाला फंडिंग का हिस्सा है।

इस पैसे का इस्तेमाल छांगुर गिरोह की गतिविधियों को संचालित करने और धर्मांतरण के काम को फैलाने में किया गया। अब ED मुंबई से लेकर बलरामपुर तक इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है, जिससे अवैध कारोबार, मनी लॉन्ड्रिंग और अंतरराष्ट्रीय फंडिंग की परतें खुल सकें।

बलरामपुर के मधपुर गांव स्थित पूर्व प्रधान जुम्मन खान के घर पर ED की छापेमारी चल रही है। इन्होंने छांगुर बाबा को जमीन बेची थी।

बलरामपुर में छांगुर बाबा के सहयोगी दुर्गेश के घर पर भी छापेमारी लखनऊ से ED टीमें 5 कारों में बलरामपुर पहुंची हैं। उतरौला के आसिपिया, हाशमी हुसैनी कलेक्शन, बाबा ताजुद्दीन कलेक्शन, मधुपुर गांव और रेहरा माफी गांव समेत 12 जगहों पर छापेमारी चल रही है। ED छांगुर बाबा के सहयोगी दुर्गेश के घर पर भी छापेमारी कर रही है।

दरअसल, ATS की जांच में पता चला था कि दुर्गेश ने गलत तरीके से छांगुर को कई जमीनें बेची थीं। इन्हीं में से 3 बीघा जमीन पर छांगुर बाबा आलीशान बिल्डिंग बनवा रहा था, जिसमें डिग्री कॉलेज खोलने की योजना थी।

यह तस्वीर छांगुर बाबा की कोठी है। बुलडोजर एक्शन में 40 कमरे तोड़ दिए गए थे। कोठी के बचे हुए हिस्से में रेड चल रही है।

देश-विदेश में फैला बैंक खातों का जाल सूत्रों के मुताबिक, ED की जांच में नीतू के नाम पर 8 बैंक खाते मिले हैं- बैंक ऑफ इंडिया, पेटीएम बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा (3 खाते), ICICI, HDFC, SBI। जबकि नवीन के पास 6 खाते मिले हैं। पेटीएम बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा (2 खाते), ICICI, HDFC (2 खाते)। इन खातों से हवाला नेटवर्क के जरिए संदिग्ध ट्रांजैक्शन के सुराग मिले हैं।

छांगुर बाबा के ट्रस्ट और कंपनियों के नाम पर भी 8 बैंक खाते मिले हैं। अस्वी इंटरप्राइजेज, अस्वी चैरिटेबल ट्रस्ट, बाबा ताज्जुद्दीन अस्वी बुटीक। इनमें करोड़ों रुपए की एंट्री दर्ज की गई है। इसके अलावा, UAE, दुबई और शारजाह में स्थित विदेशी बैंक खातों का भी पता चला है। इनमें एक्सिस बैंक, SBI, HDFC, एमिरेट्स NBD, फेडरल बैंक, अल अंसारी एक्सचेंज के जरिए भारत में विदेशी फंड भेजा।

नीतू और नवीन ने नाम बदले, पहचान नहीं मूल रूप से चेन्नई की रहने वाली नीतू उर्फ नसरीन ने 2015 में नवीन (अब जमालुद्दीन) के साथ इस्लाम कबूल किया। लेकिन आज भी उनके दस्तावेजों में हिंदू नाम दर्ज हैं। पासपोर्ट, आधार, पैन और बैंक खातों में झूठे नामों का उपयोग हुआ है। भूमि खरीद और शपथ पत्रों में भी फर्जी पहचान का सहारा लिया गया।

यह तस्वीर 6 दिन पहले की है, जब UP ATS की टीम नसरीन और छांगुर बाबा को ATS मुख्यालय लेकर पहुंची थीं।

नीतू-नवीन फर्जी पासपोर्ट से 19 बार UAE यात्रा की नीतू और नवीन के पास जो पासपोर्ट मिले हैं। उनकी वैधता समाप्त हो चुकी है। इससे पता चला है कि दोनों अब तक 19 बार UAE की यात्रा कर चुके हैं। एक बार साथ गए, लेकिन लौटे अलग-अलग। छांगुर ने भी फर्जी पासपोर्ट से दुबई की यात्रा की थी, जहां वह धर्मांतरण नेटवर्क को संचालित करता था।

 

धर्मांतरण के लिए कोड वर्ड और 1500 मुस्लिम लड़कों की फौज

इधर, ATS से जुड़े हमारे सोर्स ने बताया कि छांगुर ने लव जिहाद के लिए मुस्लिम युवकों की टीम तैयार की थी। 2023 से अब तक इस टीम में 1000 से 1500 लड़कों को इस काम के लिए पेमेंट दी गई। भारत में छांगुर का नेटवर्क UP के अलावा महाराष्ट्र, बिहार, बंगाल, कर्नाटक और तमिलनाडु तक फैला हुआ है। गैंग का सबसे ज्यादा फोकस नेपाल सीमा से सटे 7 जिलों पीलीभीत, लखीमपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज पर है।

जांच में पता चला है कि छांगुर ने धर्मांतरण के लिए अपने कोड वर्ड भी बनाए थे। इसमें ब्रेनवॉश करने को ‘काजल लगाना’, धर्म परिवर्तन को ‘मिट्टी बदलना’, नई लड़की के लिए ‘नया केस’ या प्रोजेक्ट, बाबा के सामने लड़कियों को लाने के लिए ‘दीदार कराना’ कहा जाता था। इन कोडवर्ड के जरिए छांगुर अपने लोगों से बात करता था, ताकि किसी बाहरी को पता न चले कि अंदर क्या हो रहा है। इस गिरोह का शिकार बन चुकीं ज्यादातर महिलाओं की उम्र 30 साल से कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *