मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार आवाज उठाने वाले रिटायर्ड IFS अधिकारी आजाद सिंह डबास एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनके द्वारा उठाए जा रहे भ्रष्टाचार के मुद्दे नहीं, बल्किउनकी सुरक्षा को लेकर जताई गई चिंता है। डबास ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है।

उन्होंने अपने पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और प्रदेश के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह समेत कई नेताओं के नामों का उल्लेख करते हुए उनसे खतरे की आशंका जताई है।
‘मैं अपने लिए नहीं, प्रदेश के हित में सुरक्षा मांग रहा हूं’
सबकी खबर के खास कार्यक्रम में आजाद सिंह डबास से हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह अपने लिए नहीं, बल्कि प्रदेश के हित में सुरक्षा मांग रहे हैं। उनका कहना है कि वह करीब 70 वर्ष के होने जा रहे हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई अभी जारी है। प्रदेश में भ्रष्टाचार की स्थिति चिंताजनक है और शायद ही कोई ऐसा विभाग हो, जहां भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने न आती हों। ऐसे में वह चाहते हैं कि जनहित के मुद्दे उठाने में उन्हें किसी तरह की बाधा का सामना न करना पड़े।
शिवराज सिंह चौहान और कार्तिकेय सिंह चौहान का लिया नाम
बातचीत के दौरान डबास ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ‘आदिवासियों की आवाज’ नाम के एक फेसबुक पेज का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनके खिलाफ इस पेज के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है। उन्होंने इस अभियान के पीछे कार्तिकेय सिंह चौहान के समर्थन की आशंका जताई और इसकी जांच की मांग की। हालांकि, इस संबंध में उन्होंने कोई ठोस सार्वजनिक प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।
कई मंत्रियों के खिलाफ शिकायतों की तैयारी
इंटरव्यू में डबास ने कहा कि उनकी शिकायतों का दायरा केवल कुछ नेताओं तक सीमित नहीं है। उन्होंने विश्वास सारंग, संजय पाठक, विजय शाह और राव उदय प्रताप सिंह समेत कई नेताओं और मंत्रियों से जुड़े मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि स्वास्थ्य, आबकारी और नगरीय विकास विभाग से जुड़े कुछ मामलों को लेकर भी शिकायतें सामने आ सकती हैं। डवास ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर फैला हुआ है और इसके खिलाफ लगातार आवाज उठाने की जरूरत है।
50 IAS-IPS अधिकारियों की जमीन खरीद का भी उठाया मुद्दा
आजाद सिंह डबास ने पश्चिमी बायपास क्षेत्र में जमीन खरीदने वाले करीब 50 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से जुड़ा मामला भी उठाया। उन्होंने इस संबंध में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) में शिकायत करने की बात कही। उनका दावा है कि कम समय में जमीन की कीमतों में असामान्य वृद्धि हुई है, जिसकी जांच होनी चाहिए।
DGP से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे अपनी बात
डबास ने बताया कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक को कई बार पत्र लिखे हैं और गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव को भी इसकी प्रतिलिपि भेजी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा देने या नहीं देने का फैसला संबंधित समिति को करना है। यदि उनकी मांग पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो वह मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखेंगे और जरूरत पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
‘सुरक्षा गार्ड मिलने से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं’
सबकी खबर के कार्यक्रम में बातचीत के दौरान उनसे सवाल किया गया कि क्या एक सुरक्षा गार्ड मिलने से किसी व्यक्ति की जान पूरी तरह सुरक्षित हो जाती है? इस पर डबास ने कहा कि बिल्कुल नहीं। सुरक्षा गार्ड होने से केवल इतना संतोष रहता है कि कोई व्यक्ति आपकी देखभाल के लिए मौजूद है, लेकिन वास्तविव गारंटी नहीं होती।
‘सुरक्षा गार्ड मिलने से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं’
सबकी खबर के कार्यक्रम में बातचीत के दौरान उनसे सवाल किया गया कि क्या एक सुरक्षा गार्ड मिलने से किसी व्यक्ति की जान पूरी तरह सुरक्षित हो जाती है? इस पर डबास ने कहा कि बिल्कुल नहीं। सुरक्षा गार्ड होने से केवल इतना संतोष रहता है कि कोई व्यक्ति आपकी देखभाल के लिए मौजूद है, लेकिन वास्तविक सुरक्षा की गारंटी नहीं होती।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता को जागरूक करना जरूरी
बातचीत के अंत में डबास ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ केवल शिकायतें करने से बदलाव नहीं आएगा। इसके लिए आम जनता, खासकर युवाओं को जागरूक करना होगा। लोगों को समझना होगा कि जिन नेताओं और अधिकारियों से वे उम्मीदें रखते हैं, उनमें से कुछ लोग भ्रष्टाचार में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक जनता भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ी नहीं होगी, तब तक इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण मुश्किल है। फिलहाल, इस पूरे मामले में आजाद सिंह डबास की सुरक्षा की मांग और उनके द्वारा लगाए गए आरोप चर्चा का विषय बने हुए हैं। अब देखना होगा कि उनकी मांग पर पुलिस और सरकार क्या कदम उठाती है और उनके द्वारा उठाए गए आरोपों की जांच में क्या सामने आता है।