16 साल में शादी, दो प्रेमी और करोड़ों की लग्जरी लाइफ… 900KM दूर बुलाकर बॉयफ्रेंड का मर्डर, नागिन मोड़ ब्रिज के नीचे मिली लाश; शव फेंक दूसरे प्रेमी संग उज्जैन-मुंबई घूमती रही महिला

बचपन में मां-बाप का साया छिन गया। बदनामी के डर से 16 साल की उम्र में शादी कर दी गई। फिर बचपन का प्यार जिंदगी में लौटा तो उसने करोड़ों रुपए की एफडी, आधा किलो सोना और 50 लाख का मकान देकर लग्जरी लाइफ दी। इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए दूसरा प्रेमी जिंदगी में आया। इसके बाद शुरू हुई प्यार, पैसे और धोखे की ऐसी कहानी, जिसका अंत रायसेन जिले के नागिन मोड़ ब्रिज के नीचे मिली एक सड़ी-गली लाश पर हुआ।

मामला रायसेन जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र का है। 7 मई को नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे एक युवक की सड़ी-गली लाश मिली थी। शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा पहचानना मुश्किल था। हाथ-पैर बंधे थे और मुंह पर टेप लगी थी। पुलिस के लिए यह पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर था।

10 मई को एसपी आशुतोष गुप्ता ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नरसिंहपुर जिले की एक महिला ने अपने बचपन के प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर दूसरे प्रेमी की हत्या की साजिश रची। महिला ने राजस्थान निवासी युवक को 900 किलोमीटर दूर मिलने के बहाने बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी।

रीना को रील बनाने का शौक था। वह अकसर सोने के गहने पहनकर वीडियो बनाती थी।

200 किमी दूर फेंका शव, 7 दिन तक पड़ा रहा

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने घर में फैला खून साफ किया। शव के हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप लगाई और बोरी में पैक कर करीब 200 किलोमीटर दूर रायसेन जिले के नागिन मोड़ ब्रिज के नीचे 40 फीट गहरी खाई में फेंक दिया।मृतक की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी वीरू उर्फ पप्पू जाट (32) के रूप में हुई। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

गर्भ में थी तभी पिता की मौत, मां ने भी छोड़ दिया

आरोपी महिला रीना पटेल नरसिंहपुर जिले की साईंखेड़ा तहसील के एक गांव की रहने वाली है। पुलिस जांच में सामने आया कि रीना जब मां के गर्भ में थी, तभी उसके पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जन्म के कुछ महीने बाद मां दूसरी शादी कर राजस्थान चली गई। बाद में उसने आत्महत्या कर ली।

मां-बाप का साया छिनने के बाद रीना की परवरिश उसकी मौसी ने की। किशोरावस्था में उसकी नजदीकियां गांव के अरुण पटेल से बढ़ीं। परिवार वालों ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया तो बदनामी के डर से 16 साल की उम्र में उसकी शादी कर दी गई।

रीना अकसर सोशल मीडिया पर वीडियो डालती रहती थी।

पति से अलग हुई, बचपन का प्यार लौटा

शादी के बाद रीना करीब 13 साल पति के साथ रही। उसका एक बेटा भी है, लेकिन समय के साथ वह पति से अलग रहने लगी और साईंखेड़ा में किराए के मकान में शिफ्ट हो गई।

इसी दौरान बचपन का प्रेमी अरुण पटेल दोबारा उसकी जिंदगी में लौटा। अरुण उस पर इस कदर फिदा था कि उसने कथित तौर पर उसके नाम करीब एक करोड़ रुपए की एफडी कराई, 50 लाख रुपए का मकान दिलाया और आधा किलो सोना भी दिया। महंगी कार, आईफोन और लग्जरी लाइफ का इंतजाम भी किया।अरुण एक फाइनेंस कंपनी में जॉब करता था। उसके पास काफी पुश्तैनी जायदाद है।

रील्स बनाते-बनाते सोशल मीडिया पर हुआ दूसरा प्यार

लग्जरी लाइफ मिलने के बाद रीना सोशल मीडिया पर एक्टिव हो गई। वह महंगे कपड़ों, गहनों और कारों के साथ इंस्टाग्राम-फेसबुक पर रील्स पोस्ट करती थी।

करीब चार साल पहले राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी वीरू जाट ने सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें और रील्स देखीं। लाइक-कमेंट से शुरू हुई बातचीत दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। वीरू का मध्य प्रदेश में रेत कारोबार से जुड़ा काम था, इसलिए उसका नरसिंहपुर आना-जाना रहता था। जब भी वह आता, रीना से मिलने पहुंचता।

माता-पिता के निधन के बाद मौसी ने रीना को पाला।

प्रेम त्रिकोण बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, दो साल पहले अरुण को रीना और वीरू के रिश्ते की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद दोनों प्रेमियों के बीच विवाद बढ़ गया। एक बार हुई मारपीट में अरुण के कान का पर्दा तक फट गया था।

यहीं से वीरू को रास्ते से हटाने की साजिश शुरू हुई। योजना के तहत रीना ने वीरू को मिलने के बहाने घर बुलाया। घर में पहले से अरुण पटेल और उसका साथी हरनाम किरार मौजूद थे। वीरू के पहुंचते ही तीनों ने बेसबॉल बैट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की शौकीन रीना।

नोटबुक के साइन बने सबसे बड़ा सुराग

29 अप्रैल को हत्या के बाद शव को प्लास्टिक और कंबल में लपेटकर रायसेन में फेंक दिया गया। सात दिन बाद बदबू आने पर फॉरेस्ट गार्ड ने पुलिस को सूचना दी।

शव की पहचान करना मुश्किल था, लेकिन घटना स्थल से मिले एक बैग में रखी नोटबुक ने पूरा केस खोल दिया। नोटबुक पर एक कोचिंग शिक्षक की हैंडराइटिंग और साइन मिले। पुलिस नरसिंहपुर पहुंची और जांच करते हुए उस शिक्षक तक पहुंची। शिक्षक ने कॉपी पहचान ली और बताया कि यह उनके 10 वर्षीय छात्र की है।

छात्र रीना का बेटा था। यहीं से जांच रीना पटेल तक पहुंच गई। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो ताला लगा मिला। मोबाइल बंद थे। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस उज्जैन पहुंची, जहां एक होटल से रीना, अरुण पटेल और उनके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *