शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में बलिया का राज सिंह गिरफ्तार, परिवार बोला- ब्लॉक प्रमुख चुनाव से पहले राजनीतिक रंजिश में फंसाया गया

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोप में यूपी के बलिया के राज सिंह को पुलिस ने अयोध्या के पास से हिरासत में लिया है. राज सिंह क्षत्रिय महासभा का महासचिव है और उसकी गिरफ्तारी के बाद परिवार ने पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं. परिजनों का कहना है कि यह पूरा मामला राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें फंसाने के लिए रचा गया है. क्योंकि, राज ब्लॉक प्रमुख चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था और उसके नेताओं से संबंध हैं.

आरोपी राज सिंह उर्फ चंदन

गिरफ्तारी पर उठे सवाल: मां का बड़ा दावा

राज सिंह की मां जामवंती सिंह ने डीआईजी आजमगढ़ को पत्र लिखकर इस गिरफ्तारी को पूरी तरह फर्जी करार दिया है. उनके अनुसार, वे 9 मई को बेटे के साथ अयोध्या में दर्शन करने गई थीं. पुलिस ने उन्हें अयोध्या के एक ढाबे से उठाया, जबकि रिकॉर्ड में गिरफ्तारी बक्सर से दिखाई गई है. उनका कहना है कि वे लखनऊ में एक बीजेपी नेता की बेटी की शादी से लौट रहे थे, तभी सादी वर्दी में आए लोगों ने उनके बेटे को जबरन हिरासत में ले लिया.

बहन ने कहा: बीजेपी ब्लॉक प्रमुख की तैयारी का फल

हाईकोर्ट की वकील और राज सिंह की बहन दीपशिखा ने भी भाई का बचाव किया है. दीपशिखा के मुताबिक, राज सिंह बीजेपी की ओर से ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तैयारी कर रहा था और इसी राजनीतिक रंजिश के कारण उसे बलि का बकरा बनाया गया है. उन्होंने साफ किया कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य कभी कोलकाता नहीं गया, तो फिर वहां हुई हत्या में राज का नाम आना नामुमकिन है. परिवार ने सरकार से इस संवेदनशील मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.

राज सिंह का इतिहास और पुलिस की कार्रवाई

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राज सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह साल 2020 में एक अंडा व्यवसायी की हत्या के मामले में जमानत पर बाहर है. जिले के कई बड़े बीजेपी नेताओं और मंत्रियों के साथ उसकी तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं. फिलहाल बंगाल, बिहार और यूपी पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन के बाद उसे बंगाल पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का मानना है कि इस हत्या के तार उत्तर प्रदेश के इस युवक से जुड़े हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *