कुरई थाना क्षेत्र के मेटेवानी आरटीओ चेकपोस्ट पर बवाल: साथी ड्राइवर से कथित मारपीट पर भड़के 100 से ज्यादा चालकों ने RTO वाहन में तोड़फोड़ कर पलटाया, झोपड़ी में लगाई आग, अफसर जान बचाकर भागे, नेशनल हाईवे-44 पर लगा जाम

सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र के मेटेवानी आरटीओ चेकपोस्ट पर मंगलवार रात ट्रक चालकों ने हंगामा किया। एक ट्रक चालक के साथ जांचकर्मियों की कथित मारपीट से नाराज 100 से ज्यादा ड्राइवरों ने आरटीओ वाहन में तोड़फोड़ कर उसे पलटा दिया

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चेकपोस्ट के पास बनी एक कच्ची झोपड़ी में आग लगा दी। माहौल बिगड़ता देख आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी मौके से भाग गए।

100 से ज्यादा ड्राइवरों ने आरटीओ वाहन में तोड़फोड़ कर उसे पलटा दिया।

मारपीट के बाद उग्र हुए 100 से अधिक चालक

जानकारी के अनुसार, चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच के दौरान रात करीब 10 बजे कर्मचारियों और एक ट्रक चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने चालक के साथ मारपीट की। इसकी खबर मिलते ही हाईवे पर मौजूद अन्य चालक मौके पर जमा हो गए। माहौल बिगड़ता देख आरटीओ अधिकारी और कर्मचारी मौके से हट गए।

आरटीओ गाड़ी पलटी और झोपड़ी में लगाई आग

इस दौरान आक्रोशित चालकों ने चेकपोस्ट पर खड़े आरटीओ वाहन को पलटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पास बनी एक झोपड़ी में भी आग लगा दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हंगामे के चलते नेशनल हाईवे-44 पर करीब 15 मिनट तक यातायात बाधित रहा।

प्रदर्शनकारियों ने चेकपोस्ट के पास बनी एक कच्ची झोपड़ी में आग लगा दी।

पुलिस ने हालात संबाले, मामला शांत कराया

घटना की सूचना मिलते ही फ्लैग मार्च कर रही कुरई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालकों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और यातायात बहाल किया। हालांकि, जिस चालक के साथ मारपीट हुई थी, वह शिकायत दर्ज करने के बजाय ट्रक लेकर महाराष्ट्र चला गया।

जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन

घटना के बाद आरटीओ देवेश बाथम और तहसीलदार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरटीओ अधिकारी ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम ने बताया कि पीड़ित ड्राइवर की तलाश की जा रही है। उसके बयान के आधार पर वास्तविक घटनाक्रम का पता लगाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *