बालाघाट में रेत माफिया का हमला: अवैध रेत परिवहन का VIDEO बना रहे हेड कॉन्स्टेबल को ट्रैक्टर से कुचला, दो पसलियां टूटीं; हालत गंभीर, आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के बालाघाट में अवैध रेत परिवहन रोकने गए हेड कॉन्स्टेबल पर रेत माफिया ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना मंगलवार देर शाम पलाकामथी इलाके की है। गंभीर रूप से घायल हेड कॉन्स्टेबल राजेश्वर राहंगडाले की दो पसलियां फ्रैक्चर हो गई हैं।

माफिया के हमले में हेड कॉन्स्टेबल गंंभीर रूप से घायल हो गए

आईजी ललित शाक्यवार के मुताबिक, अवैध रेत परिवहन की सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक राहंगडाले और आरक्षक सुनील विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे थे। राजेश्वर राहंगडाले ट्रैक्टर को रोककर उसका वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान माफिया ने हमला किया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हेड कॉन्स्टेबल की पसलियां टूट गई। उन्हें गंभीर हालत में गोंदिया रेफर कर दिया।

गंभीर हालत में गोंदिया किया गया रेफर

गंभीर हालत में घायल प्रधान आरक्षक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें गोंदिया के यूनाइटेड अस्पताल रेफर किया गया। समय पर इलाज के लिए पुलिस ने बालाघाट से गोंदिया तक विशेष कॉरिडोर बनाया। एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ रवाना हुए।

हेड कॉन्स्टेबल को विशेष कॉरिडोर बनाकर गोंदिया ले जाया गया।

डॉक्टर बोले- अगले 72 घंटे बेहद अहम

सीएमएचओ डॉ. परेश उपलप ने बताया कि घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन पसलियों में फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटों के कारण अगले 72 घंटे बेहद अहम हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

आरोपी ड्राइवर को घेराबंदी कर पकड़ा

घटना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। लालबर्रा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध उत्खनन, शासकीय कार्य में बाधा और जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *