इंदौर के बाणगंगा इलाके में मरीमाता पानी की टंकी के पास बने एक वृद्धाश्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को वायरल हुआ है। इस वीडियो में एक नाबालिग वहां रहने वाले बुजुर्गों से मारपीट करता दिख रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने संचालिका को थाने बुलाया, लेकिन नाबालिग के मानसिक रूप से बीमार होने के चलते कोई कार्रवाई नहीं की। अब मामले में चाइल्ड लाइन को जानकारी दी गई है।

बाणगंगा का यह वायरल वीडियो महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसायटी का है। इसका संचालन नीलम दुबे करती हैं। नीलम यहां पिछले कई वर्षों से यह सोसायटी चला रही हैं, जिसमें जिला प्रशासन के साथ ही अन्य लोगों से भी सहयोग मिलता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जो भी बुजुर्गों को बचाने आया, नाबालिग ने उसके साथ भी मारपीट की।

बच्चे को किया जाएगा चाइल्ड लाइन के सुपुर्द।

नाबालिग ने यहां रहने वाले बुजुर्गों से मारपीट की।

एसीपी बोलीं- मानसिक स्थिति ठीक नहीं
इस मामले में एसीपी रूबिना मिजवानी ने बताया कि बच्चा 5 माह पहले अपनी मां के साथ यहां आया था। उसकी भी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसकी मां जल गई थी। कुछ दिन यहां रहने के बाद मां की मौत हो गई, इसके बाद बच्चा यहीं रहने लगा।
बुधवार को किसी बात को लेकर उसकी एक बुजुर्ग महिला से कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने डंडे से मारना शुरू कर दिया। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसकी काउंसलिंग के लिए चाइल्ड लाइन या अन्य संस्था से संपर्क किया जाएगा।
14 साल के नाबालिग को हटाया जाएगा
इधर, संचालिका नीलम दुबे को पुलिस ने थाने बुलाकर नाबालिग को अन्य बुजुर्गों से अलग रखने के निर्देश दिए हैं। उसे गुरुवार को वहां से हटाकर नाबालिग बच्चों की देखरेख करने वाली संस्था के पास भेजा जाएगा। चूंकि मामला मानसिक रूप से विक्षिप्त बच्चे का है, इसलिए पुलिस ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
संचालिका ने नहीं की बात
इस मामले में संचालिका नीलम दुबे से बात करने के लिए उन्हें कई बार मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने बात नहीं की।