भारत से कमाने इजरायल गया था 40 वर्षीय भारतीय, यरुशलम में खून से लथपथ मिला शव; हत्या के शक में 31 वर्षीय इजरायली गिरफ्तार

इजरायल से भारत के लिए एक चिंता वाली खबर आई है. यहां काम कर रहे एक भारतीय नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, यरुशलम के कटामोन इलाके स्थित एक अपार्टमेंट में 40 वर्षीय भारतीय का शव खून से लथपथ हालत में मिला. घटना के बाद इजरायली पुलिस ने हत्या के शक में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो भारतीय नागरिक घर के फर्श पर पड़ा था और उसके आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था

इजरायल की पुलिस.

मोरिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख युवाल रियुवेन ने बताया कि मृतक घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला. हालांकि, पुलिस ने अभी तक मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में 31 साल के एक इजरायली नागरिक को दक्षिणी शहर इलात से गिरफ्तार किया गया है. उस पर हत्या में शामिल होने का शक है. फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वाई नेट न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच में इस मामले के पीछे आपराधिक एंगल होने के संकेत मिले हैं. हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की वजह या घटनाक्रम से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.

इजरायल में भारतीय बड़ी संख्या में मौजूद

अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. भारत और इजरायल के बीच रक्षा, व्यापार और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में मजबूत संबंध हैं. भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अक्टूबर 2024 तक इजरायल में करीब 32 हजार भारतीय काम कर रहे थे. इसी साल दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत अगले पांच वर्षों में 50 हजार अतिरिक्त भारतीय कामगारों के इजरायल जाने का रास्ता भी खुला है.