बेंगलुरु के रेस्टोरेंट में लंच करते समय 42 वर्षीय युवक को आया हार्ट अटैक, टेबल पर ही मौत; CCTV में कैद हुए आखिरी पल

बेंगलुरु:कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के गोट्टिगेरे इलाके के एक रेस्टोरेंट में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. लंच करते समय 42 साल के एक शख्स को अचानक हार्ट अटैक आ गया और उसकी टेबल पर ही मौत हो गई. इस पूरी घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर दिया है.

मृतक की पहचान चंद्रू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चन्नरायपटना का रहने वाला था. वह पिछले कुछ सालों से गोट्टिगेरे स्थित गुरु ग्रीन्स फैमिली रेस्टोरेंट में बार कैशियर के तौर पर काम कर रहा था.

घटना 30 अक्टूबर की सुबह करीब 11:40 बजे की है. चंद्रू रेस्टोरेंट में ही एक टेबल पर बैठकर खाना खा रहा था. CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि खाते-खाते अचानक उसे सीने में तेज दर्द उठता है. वह छटपटाने लगता है और कुछ ही सेकंड में टेबल पर ही गिर जाता है.

यह देख रेस्टोरेंट के स्टाफ में हड़कंप मच गया. कर्मचारियों ने तुरंत दौड़कर उसे संभाला और CPR देकर बचाने की कोशिश की. लेकिन वह होश में नहीं आया. उसे तुरंत पास के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि मौत की वजह हार्ट अटैक ही है. इस घटना का पूरा मंजर रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया. वीडियो में चंद्रू के आखिरी पल साफ दिख रहे हैं, जो बेहद दर्दनाक है.

घटना की जानकारी मिलते ही हुलिमावु पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रेस्टोरेंट में काम करने वाले चंद्रू के साथियों में इस घटना के बाद से शोक का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *