इंदौर में एक युवक ने गरमा गरम समोसा खरीदा। एक टुकड़ा खाते ही उसमें मरा हुआ कॉकरोच दिखाई दिया। युवक ने तुरंत वीडियो बनाकर दुकानदार को इसकी जानकारी दी। दुकानदार ने कहा कि यह गलती से आ गया होगा और वीडियो बनाना है तो बना लो। मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन और खाद्य सुरक्षा प्रशासन से की गई है।
घटना सोमवार को चिकमंगलूर चौराहा स्थित श्रम शिविर के पास की है। इंदौर निवासी पीयूष मौर्य बारिश के दौरान यहां रुके और रतलाम नमकीन से समोसा खरीदा। उन्होंने जैसे ही समोसे का एक टुकड़ा खाया, उसमें मरा हुआ कॉकरोच नजर आया।
उन्होंने वीडियो बनाकर दुकानदार को इसकी जानकारी दी। पीयूष के मुताबिक, दुकानदार ने कहा कि कॉकरोच गलती से आ गया होगा। उसने यह भी कहा कि वीडियो बनाना है तो बना लो, इंसान से गलती हो जाती है। इसे जानबूझकर नहीं डाला गया है।मामले को लेकर दोनों पक्षों में कुछ देर बहस हुई। इसके बाद दुकानदार ने शिकायत करने की बात कही। पीड़ित ने खाद्य विभाग में शिकायत दर्ज कराई है।

साफ-सफाई और रखरखाव पर सवाल
समोसे में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद दुकान में खाद्य सामग्री की साफ-सफाई और रखरखाव पर सवाल खड़े हो गए हैं। बारिश के मौसम में खाद्य पदार्थों के भंडारण और स्वच्छता को लेकर विशेष सावधानी जरूरी होती है। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले में कार्रवाई की बात कही है।
मौके पर पहुंची खाद्य विभाग ने लिए सैंपल, नोटिस जारी ‘दैनिक भास्कर’ में खबर पब्लिश होने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने रतलाम नमकीन कॉर्नर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही मौके से समोसे, चटनी, पानी के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेजा है।
