सौरव गांगुली, पत्नी डोना और स्टाफ को जान से मारने की धमकी: कुरियर से मिले 2 लेटर में लिखा- ‘सबको खत्म कर देंगे’; 6 महीने से आ रहे धमकी भरे पत्र, पुलिस जांच में जुटी

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और BCCI के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को जान से मारने की धमकी मिली है।

सौरव गांगुली टीम इंडिया के कप्तान और BCCI के अध्यक्ष रह चुके हैं।

कुरियर से भेजे गए धमकी भरे पत्र में सौरव समेत उनकी पत्नी डोना गांगुली और उनके स्टाफ को जान से मारने की बात कही गई।गांगुली परिवार ने कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

CAB ऑफिस में कुरियर से आया पैकेट

शिकायत के अनुसार सोमवार को बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) के दफ्तर में एक कूरियर पैकेट पहुंचा। इसमें अंग्रेजी में लिखे दो लेटर मिले। इनमें बेहद आक्रामक और हिंसक भाषा का इस्तेमाल किया गया था।

गांगुली परिवार को इस तरह के पत्र पिछले 6 महीने से लगातार मिल रहे थे। शुरुआती दिनों में परिवार ने इन्हें किसी सिरफिरे फैन या निजी नाराजगी जताने वाले व्यक्ति की हरकत समझकर नजरअंदाज कर दिया था।PTI ने मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी के हवाले से लिखा-

3 पॉइंट्स पर जांच जारी

  • पुलिस पत्रों भेजने वाले की पहचान और उसकी वजह पता करने के साथ लेटर्स के सोर्स और कूरियर के पूरे रूट की भी जांच रही है।
  • शुरुआती जांच में सामने आया है कि पैकेज कूरियर के जरिए भेजे गए हो सकते हैं। पुलिस को शक है कि उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया के किसी व्यक्ति ने इन्हें भेजा है।
  • पुलिस एक सिम कार्ड की भी जांच कर रही है। संबंधित कूरियर एजेंसी से संपर्क कर भेजे गए सामान की जानकारी मांगी गई है।

गांगुली ने 16 साल इंटरनेशनल क्रिकेट खेला

  • गांगुली ने 1992 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे डेब्यू किया और 1996 में इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान पर टेस्ट डेब्यू करते हुए 131 रन की शानदार पारी खेली।
  • अपने इंटरनेशनल करियर में 113 टेस्ट मैचों में 7,212 रन और 311 वनडे में 11,363 रन बनाए। उन्होंने टेस्ट में 16 और वनडे में 22 शतक जड़े।
  • वे साल 2000 में भारत के कप्तान बने। गांगुली की कप्तानी में भारत ने विदेशों में कई ऐतिहासिक टेस्ट मैच जीते और 2003 वर्ल्ड कप फाइनल तक का सफर तय किया।
  • 2002 में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचाया। फिर श्रीलंकाई कप्तान सनथ जयसूर्या के साथ ट्रॉफी साझा की। इसी साल लॉर्ड्स में नेटवेस्ट ट्रॉफी जीती। 2008 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था।

2019 में BCCI अध्यक्ष बने थे गांगुली

गांगुली क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के अध्यक्ष हैं। 2019 में BCCI के अध्यक्ष बने थे। उन्हें 2022 में पद से इस्तीफा देना पड़ा। उनकी जगह 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे रोजर बिन्नी को नया चेयरमैन बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *