पटियाला:पंजाब के पटियाला जिले में स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में बीती रात छात्रों का भारी हंगामा हुआ. यूनिवर्सिटी के छात्रों ने कैंपस में जमा होकर नारेबाजी की, प्रशासन से हॉस्टल सहित विवि परिसर का सीसीटीवी फुटेज मांगा. पुलिस जब छात्रों को समझाने पहुंची तो विरोध कर रहे छात्र पुलिस जवानों से भी भिड़ गए. पुलिस की गाड़ी पर हमला किया गया. विरोध कर रहे छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी कैंपस में ‘भूत’ है, जो रात में छात्रों को परेशान करता है. हाालंकि पुलिस और विवि प्रशासन ने छात्रों के भूत वाले आरोपों का खंडन किया है. लेकिन घटनास्थल से सामने आई तस्वीरें और वीडियो में छात्रों का विरोध काफी उग्र नजर आ रहा है.

मालूम हो कि चितकारा यूनिवर्सिटी पंजाब के पटियारा जिले के थाना बनूड़ के राजपुरा इलाके में है. यह एक प्राइवेट यूनिर्वसिटी है. जहां कई कोर्स की पढ़ाई होती है. यहां के हॉस्टल में बड़ी संख्या में स्टूडेंट रहते हैं.
कैंपस में भूत होने का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
सामने आई खबरों के अनुसार चितकारा यूनिवर्सिटी में 25 सितंबर की दरमियानी रात उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब कैंपस में ‘भूत’ होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद देर रात सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए और यूनिवर्सिटी कैंपस में भारी तोड़फोड़ करते हुए उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया.

सुसाइड करने वाली छात्रा की आत्मा कर रही परेशान’
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का दावा था कि कैंपस में पूर्व में एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी, जिसकी आत्मा हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को परेशान कर रही है. हालांकि, मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की कि परिसर में ऐसी कोई खुदकुशी की घटना नहीं हुई है.
हंगामे के बीच छात्रों ने केएसएम चौकी (सिटी राजपुरा) के इंचार्ज अजय कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की. छात्रों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज नशे की हालत में ड्यूटी पर आए थे. रात भर कैंपस में हंगामा होता रहा.