भारत-न्यूजीलैंड मैच से लेकर मुंबई में जाकिर खान के शो तक चार बार कोशिश की, लेकिन हर बार किसी न किसी वजह से ख्वाहिश अधूरी रह गई। आखिरकार दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में इंदौर के शुभम सोलंकी का सपना पूरा हो गया।
शुभम और बिंदिया दोनों इंदौर से अहमदाबाद गए थे।
21 नवंबर को अहमदाबाद में हजारों लोगों की मौजूदगी में उन्होंने अपनी मंगेतर बिंदिया को शादी के लिए प्रपोज किया। खास बात यह रही कि इस सरप्राइज की भनक बिंदिया को भी नहीं थी। शुभम की टी-शर्ट पर लिखे मैसेज पर दिलजीत की नजर पड़ी और उन्होंने दोनों को स्टेज पर बुला लिया।
दैनिक भास्कर ने इसके बाद दोनों से बातचीत की। शुभम ने बताया कि करीब एक साल से इस प्रपोजल की प्लानिंग चल रही थी। अलग-अलग मौकों पर कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई। दिलजीत के शो में मंगेतर को प्रपोज करना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है।
पहले देखिए शो की तस्वीरें…

शुभम ने स्टेज पर बिंदिया को शादी के लिए प्रपोज किया और अंगूठी पहनाई।

दिलजीत की परफॉर्मेंस के दौरान शुभम और बिंदिया ने साथ में डांस भी किया।

इस दौरान दिलजीत ने शुभम की तारीफ करते हुए कहा, ‘भाई ने बहुत जिगरा दिखाया है।’

स्टेज से लौटते समय शुभम और बिंदिया ने दिलजीत के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

जैकेट के अंदर छिपा रखा था मैसेज
शुभम ने बताया कि वे दिलजीत दोसांझ के 13-14 साल पुराने फैन हैं। जब उनका गाना ‘पंगा’ सुना था, तभी से उन्हें सुनना शुरू कर दिया था। दोनों ने अहमदाबाद में दिलजीत के कॉन्सर्ट में जाने का प्लान बनाया।
उनके लिए यह सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं था, बल्कि अपनी जिंदगी के सबसे खास पल को यादगार बनाने का मौका भी था। इसके लिए उन्होंने खास टी-शर्ट तैयार करवाई थी। उस पर अंग्रेजी में लिखा था- ‘I want to propose her for marriage’ यानी ‘मैं उसे शादी के लिए प्रपोज करना चाहता हूं।’
शुभम ने यह टी-शर्ट जैकेट के अंदर पहन रखी थी। उन्होंने बिंदिया को भी इसके बारे में कुछ नहीं बताया था। वे चाहते थे कि दिलजीत की नजर टी-शर्ट पर पड़े और उन्हें अपनी मंगेतर को प्रपोज करने का मौका मिल जाए।
दोनों 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोपहर करीब 2 बजे पहुंच गए थे। उन्होंने फैन पिट के टिकट लिए थे। शुभम के मुताबिक, दिलजीत शाम करीब 7 बजे स्टेज पर आए। इसके बाद से ही वे लगातार कोशिश कर रहे थे कि किसी तरह सिंगर की नजर उनकी टी-शर्ट पर पड़ जाए।

रात 9 बजे टॉर्च की रोशनी में टी-शर्ट पर पड़ी नजर
शुभम ने बताया कि कॉन्सर्ट के दौरान वे भीड़ में लगातार अपनी टी-शर्ट दिखाने की कोशिश कर रहे थे। रात करीब 9:15 बजे दिलजीत की नजर उन पर पड़ी। उस समय टॉर्च की रोशनी में उन्हें टी-शर्ट पर लिखा मैसेज दिखाई दिया।
इसके बाद दिलजीत ने गाना रोककर शुभम और बिंदिया को स्टेज पर बुला लिया। शुभम के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था। जिस सिंगर को वे 13-14 साल से सुन रहे थे, उसी के सामने उन्हें अपनी जिंदगी के सबसे खास रिश्ते को एक नया मुकाम देने का मौका मिल रहा था।

दिलजीत बोले- बड़ी गल है प्रपोज करना
दिलजीत ने शुभम की कोशिश की तारीफ करते हुए कहा, ‘बड़ी गल है प्रपोज करना। आप इंदौर से यहां प्रपोज करने आए हैं। आजकल प्रपोज करना बहुत बड़ी बात है। धीरे-धीरे ये रस्में खत्म हो जाएंगी। भाई ने बहुत जिगरा दिखाया है।’
दिलजीत की इन बातों के बाद शुभम ने स्टेज पर ही बिंदिया को शादी के लिए प्रपोज किया। बिंदिया के लिए भी यह बिल्कुल अनपेक्षित था। करीब डेढ़ मिनट तक दोनों स्टेज पर रहे। प्रपोजल के बाद दोनों ने वहां डांस भी किया।

4 बार कोशिश के बाद मिला मौका
दैनिक भास्कर से बातचीत में शुभम ने बताया कि उन्होंने करीब एक साल पहले ही बिंदिया के लिए रिंग खरीद ली थी। तभी से उनके मन में था कि किसी बड़े और यादगार मौके पर उन्हें प्रपोज करेंगे।
इसके लिए सबसे पहले 19 नवंबर 2025 को भारत-न्यूजीलैंड मैच के दौरान अहमदाबाद में प्रपोज करने का प्लान बनाया था, लेकिन वहां ऐसा मौका नहीं मिल पाया।
इसके बाद मुंबई में जाकिर खान के ‘पापा यार’ कार्यक्रम में प्रपोज करने की योजना बनाई। शुभम ने बताया कि वहां कार्यक्रम का माहौल काफी इमोशनल हो गया था। ऐसे में उन्हें लगा कि उस समय प्रपोज करना ठीक नहीं रहेगा।
इसके बाद मुंबई में ही दो अलग-अलग कार्यक्रमों में उन्होंने कोशिश की। कुल मिलाकर चार बार प्रपोज करने का प्लान बनाया, लेकिन हर बार किसी न किसी वजह से बात नहीं बन पाई।

मैं दिलजीत का बहुत बड़ा फैन हूं
शुभम ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे इतने बड़े मंच पर पहुंचेंगे और हजारों लोगों के सामने अपनी पार्टनर को प्रपोज कर पाएंगे।
उन्होंने कहा, “मैं दिलजीत का बहुत बड़ा फैन हूं। उन्हें इतने करीब से देखना, उनसे मिलना और उनके सामने अपनी पार्टनर को प्रपोज करना किसी सपने के सच होने जैसा है। मेरी पार्टनर के साथ होने और उनके इस पल का हिस्सा बनने से यह मौका और भी खास बन गया।”

वीडियो वायरल, मिल रही बधाइयां
कॉन्सर्ट में शुभम और बिंदिया के प्रपोजल का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लाखों लोगों ने इस वीडियो को देखा और शेयर किया।
शुभम और बिंदिया ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें देशभर से लोगों के मैसेज आने लगे। कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके इस खास पल की तारीफ की।