ग्वालियर में कैंसर पीड़ित बंदी को एम्स नहीं भेजने पर हाईकोर्ट में SSP ने मांगी माफी: बोले- मुझे पूरे तथ्य नहीं बताए गए, पुलिस लाइन में दबे रहे जेल के 34 पत्र; आरआई और आरक्षक सस्पेंड

ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद कैंसर पीड़ित नरहरि को इलाज के लिए दिल्ली एम्स भेजने में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। जेल प्रशासन ने बंदी को सुरक्षा के साथ दिल्ली ले जाने के लिए 10 मार्च से 3 नवंबर 2026 के बीच 34 बार पत्र लिखे, लेकिन पुलिस लाइन से गार्ड उपलब्ध नहीं कराए गए। नतीजा यह हुआ कि बंदी तय तारीख पर एम्स नहीं पहुंच सका और उसका फॉलोअप छूट गया

मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कोर्ट में शपथपत्र पेश कर सफाई दी कि दस्तावेजों से जुड़े सभी तथ्य और परिस्थितियां उन्हें पूरी तरह नहीं बताई गई थीं। उन्होंने अनजाने में हुई किसी चूक के लिए बिना शर्त माफी मांगते हुए कोर्ट से उदारता बरतने का अनुरोध किया।

मामले में एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक (आरआई) रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को 26 नवंबर को निलंबित कर दिया है। दोनों को पुलिस लाइन से अटैच किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को सात दिन में विस्तृत जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस के रिकॉर्ड में मिले जेल के पत्र, फिर भी नहीं दिए गार्ड

एसएसपी ने शपथपत्र में बताया कि जेल अधीक्षक की ओर से भेजे गए पत्र पुलिस के रिकॉर्ड में मौजूद थे। जेल प्रशासन ने बंदी नरहरि को दिल्ली ले जाने के लिए सशस्त्र या सामान्य सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पत्र पुलिस लाइन पहुंचने के बाद भी आरक्षक देवेंद्र भदौरिया ने फाइल आगे नहीं बढ़ाई। वहीं, आरआई रणजीत सिंह सिकरवार ने भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया। इसी लापरवाही के चलते बंदी को दिल्ली ले जाने के लिए सुरक्षा बल उपलब्ध नहीं हो सका।

एसएसपी बोले- अधिकारियों ने पूरे तथ्य नहीं बताए

शपथपत्र में एसएसपी ने कहा कि कोर्ट में रखे गए दस्तावेजों से जुड़े सभी तथ्य और परिस्थितियां उन्हें पूरी तरह नहीं बताई गई थीं। उन्होंने 24 नवंबर को संबंधित अधिकारी को प्राथमिक जांच के सभी तथ्य और पूरा रिकॉर्ड उनके सामने रखने के निर्देश दिए थे।

एसएसपी ने यह भी बताया कि वे 26 अक्टूबर से 20 नवंबर तक राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में प्रशिक्षण पर थे। 21 नवंबर को लौटकर उन्होंने कार्यभार संभाला। उन्होंने कोर्ट को आश्वस्त किया कि वे हमेशा न्यायालय के आदेशों का पालन करते आए हैं और आगे भी करेंगे।

एसपी ने लापरवाही सामने आने पर दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

पुलिस मुख्यालय भी मांग रहा जवाब

शपथपत्र के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय को भेजे गए रिकॉर्ड और रिपोर्ट में तथ्य छिपाए जाने के संबंध में डीजीपी से निर्देश मांगे गए हैं। मुख्यालय संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांग रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को सात दिन का समय दिया गया है।

12 मार्च को था एम्स में फॉलोअप

ग्वालियर सेंट्रल जेल में बंद नरहरि कैंसर से पीड़ित है। उसका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था। 4 दिसंबर 2025 को जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे 12 मार्च 2026 को फॉलोअप के लिए बुलाया था। इसके लिए जेल प्रशासन ने पुलिस से सुरक्षा गार्ड मांगे थे, लेकिन बार-बार पत्र लिखने के बावजूद गार्ड नहीं मिले। इस कारण बंदी तय तारीख पर एम्स नहीं पहुंच सका। बाद में जेएएच के डॉक्टरों ने उसे जांच और आगे के इलाज के लिए एम्स दिल्ली रेफर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *