अलवर एक्सप्रेसवे हादसा: चलती अर्टिगा में आग से 5 जिंदा जले, वैष्णो देवी से लौट रहा MP का परिवार; CNG/शॉर्ट सर्किट की आशंका

अलवर के मौजपुर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर चलती कार में आग लग गई। हादसे में 5 लोग जिंदा जल गए। रेस्क्यू टीम को आग बुझाने के बाद अर्टिगा कार में से केवल हड्डियां मिलीं हैं। कार ड्राइवर आग लगते ही बाहर कूद गया था।

उसे गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया है। जानकारी के अनुसार कार सवार मध्य प्रदेश के श्योपुर के रहने वाले थे। वैष्णो देवी से दर्शन कर वापस श्योपुर लौट रहे थे।

पुलिस को आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। एक्सीडेंट बुधवार रात 11 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार हादसा मौजपुर में SSB ट्रेनिंग सेंटर के पास हुआ। इसके बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर जाम भी लग गया।

CNG के कारण भड़की आग

अलवर ASP प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि रात करीब 11.15 बजे लक्ष्मणगढ़ पुलिस को कार में आग की जानकारी मिली थी। रात करीब 11.30 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी।

आग बुझाने में करीब 15 मिनट का समय लगा। आशंका है कि सीएनजी के कारण आग तेजी से भड़की थी। इसलिए कार सवारों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

पोटलियों में रखी हड्डियां, मृतकों में एक नाबालिग

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में 3 महिलाएं, एक नाबालिग बच्ची और एक पुरुष है। ये सब श्योपुर के चैनपुर के रहने वाले थे। सभी की केवल हड्डियां मिलीं हैं, इन्हें अलग-अलग पोटलियों में रखा गया है। शवों की पहचान के लिए डीएनएल सैंपल लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *