बुर्ज खलीफा जैसी डिजिटल लाइटिंग से जगमगाया इंदौर का घर: 20 हजार रुपए रोज के खर्च से सजा भवन, श्रीराम-सीता, गणेश की छवियों के साथ दिखी रंगीन आतिशबाजी; पांच दिन तक अलग-अलग थीम से बनेगा आकर्षण का केंद्र

दीपावली रोशनी का पर्व है। इस मौके पर लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक लाइटिंग से सजाते हैं। दुबई के बुर्ज खलीफा पर होने वाली भव्य रोशनी से प्रेरित होकर इंदौर में भी एक घर को डिजिटल लाइटिंग से सजाया गया है।

घर पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की छवियों के साथ डिजिटल आतिशबाजी और दीपावली के शुभकामना संदेश प्रदर्शित किए जा रहे हैं। यह सजावट कॉलोनी में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

यह लाइटिंग इंदौर के निपानिया स्थित वृंदावन पैलेस में राहुल शर्मा के घर पर की गई है। घर के सामने वाले हिस्से को डिजिटल रोशनी से सजाया गया है, जिसमें भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और श्रीगणेश की मनोहारी छवियां दिखाई देती हैं। इसके साथ ही ‘हैप्पी दीपावली’ और ‘शुभ धनतेरस’ जैसे संदेश भी रंग-बिरंगी रोशनी में नजर आते हैं।

पिक्सेल एलईडी मैपिंग तकनीक का इस्तेमाल

राहुल शर्मा ने बताया कि घर की सजावट में पिक्सेल एलईडी मैपिंग तकनीक का उपयोग किया गया है। इसमें प्रत्येक लाइट को अलग-अलग नियंत्रित कर पूरे भवन को चलती-फिरती तस्वीरों के भव्य कैनवास में बदला गया है। डिजिटल आतिशबाजी वास्तविक पटाखे जलाए बिना उत्सव का शानदार नजारा पेश करती है।

लाइटिंग से हैप्पी दीपावली का संदेश।

पांच दिनों तक अलग-अलग थीम

  • धनतेरस: भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कलश की छवियों के साथ आरोग्य, सुख और समृद्धि का संदेश।
  • नरक चतुर्दशी: झिलमिलाते दीपों और रंगीन रोशनी के जरिए बुराई पर अच्छाई की विजय का उत्सव।
  • दीपावली: भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वागत में दीपमालाएं, श्रीगणेश की छवि और डिजिटल आतिशबाजी।
  • गोवर्धन पूजा: भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला, गौसेवा और प्रकृति संरक्षण के संदेशों के साथ प्रकाश प्रस्तुति।
  • भाई दूज: भाई-बहन के प्रेम को समर्पित रंगीन दृश्य, तिलक की झलकियां और शुभकामना संदेश।

धनतेरस की थीम में आकर्षक हाथी भी।

राहुल शर्मा ने बताया कि यह लाइटिंग बिहार के छपरा निवासी रवि चंद शर्मा ने स्थापित की है। इसे लगाने का खर्च करीब 20 हजार रुपए प्रतिदिन आया है।

डिजिटल लाइटिंग से शुभ धनतेरस का संदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *