यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की बेटी अनार पटेल ने कहा है कि पटेल लड़कियां समुदाय से बाहर शादी कर रही हैं क्योंकि कई पटेल पुरुष ‘काबिल’ नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “अगर हमारे बेटे शराब पीते हैं… आवारागर्दी करते हैं और काम नहीं करते तो हमारी लड़कियां समुदाय से बाहर शादी करेंगी।” उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।एक कार्यक्रम के दौरान अनार पटेल ने कहा कि पटेल समाज की लड़कियां दूसरे समुदायों में इसलिए शादी कर रही हैं क्योंकि समुदाय के कई युवा काबिल नहीं हैं। उनके इस बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
क्या कहा अनार पटेल ने?
गुजरात के गढ़ गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए अनार पटेल ने कहा कि समाज में कई लड़के शराब पीने, काम न करने और गलत आदतों में लिप्त हैं, जिसके कारण लड़कियां दूसरे समुदायों में विवाह कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि समाज हमेशा लड़कियों को ही सलाह क्यों देता है, जबकि समस्या की जड़ लड़कों की आदतों में भी हो सकती है।
वीडियो हुआ वायरल
अनार पटेल के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इसके बाद लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे सामाजिक सच्चाई बता रहे हैं, तो कुछ इसे विवादित और आपत्तिजनक बयान करार दे रहे हैं।

सामाजिक मुद्दों पर भी जताई राय
इसी कार्यक्रम में उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया और कहा कि सरदार पटेल ने संगठन की ताकत को समझाया था। उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया और टीवी चैनलों के कारण समाज पहले जैसा एकजुट नहीं रह पाया है। उनके अनुसार, अगर सरदार पटेल आज जीवित होते, तो 562 रियासतों को एक करना और भी चुनौतीपूर्ण होता।