शिमला-देहरादून से भी ठंडा हुआ भोपाल, 8.8°C पहुंचा पारा; कटनी का करौंदी 6.8° के साथ प्रदेश में सबसे सर्द, 4 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, अगले 2-3 दिन ठंड से राहत नहीं

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कड़ाके की ठंड ने पहाड़ी शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है। बीती रात भोपाल का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मशहूर हिल स्टेशन शिमला और देहरादून के मुकाबले भी कम रहा। जहां दोनों पहाड़ी शहरों में रात का पारा 9°C रहा, वहीं भोपाल की रात कहीं ज्यादा सर्द रही।

नवंबर के आखिरी सप्ताह में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तेज सर्दी का असर दिख रहा है। बीती रात प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 6.8°C तक लुढ़क गया। वहीं भोपाल में लगातार तीसरे साल नवंबर में तेज ठंड का दौर जारी है।

मौसम केंद्र (IMD) ने शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में कोल्ड वेव (शीतलहर) का अलर्ट जारी किया है। भोपाल में दो दिन से शीतलहर चल रही है और अगले 2 से 3 दिन ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

इन शहरों में पारे में भारी गिरावट

  • 10° से नीचे वाले शहर: दमोह (7°), शहडोल का कल्याणपुर (7.4°), शाजापुर का गिरवर कस्बा (7.7°), भोपाल (8.8°), रीवा (9°), खजुराहो-रायसेन (9.6°) और जबलपुर-उमरिया (9.8°) में रात का तापमान 10 डिग्री से कम रहा।
  • 15° से नीचे वाले शहर: नौगांव, राजगढ़, ग्वालियर, गुना, मलाजखंड, दतिया, मंडला, सतना, सीधी, श्योपुर, छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, टीकमगढ़, खरगोन, खंडवा, शिवपुरी और धार में भी पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

लगातार तीसरे साल भोपाल में तेज सर्दी

राजधानी भोपाल में लगातार तीसरे साल नवंबर में रिकॉर्ड ठंड पड़ रही है। इस बार 23-24 नवंबर की रात न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा, जबकि अगली रात यह 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आंकड़ों के मुताबिक, 17 नवंबर 2025 को पारा 5.2 डिग्री और 29 नवंबर की रात 8.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इसके विपरीत 2018 से 2023 के बीच नवंबर में न्यूनतम तापमान आमतौर पर 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता था। बढ़ती ठंड के चलते भोपाल में स्कूलों की टाइमिंग बढ़ा दी गई है।

पहाड़ों की बर्फबारी से बदला मौसम, धुंध का असर

मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर मध्य प्रदेश के मौसम पर दिख रहा है। 2 दिन में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने का अनुमान है। यदि ऐसा होता है तो प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे आ जाएगा। कड़ाके की ठंड के साथ सुबह के समय धुंध और दिन में ठंडी हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहेगा।

नवंबर का मौसम ट्रेंड और 5 बड़े शहरों का रिकॉर्ड

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी हवाओं के असर से ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में ठंड और बढ़ेगी। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में रात का तापमान 3°C और उज्जैन में 53 साल पहले 2.3°C तक जा चुका है। वहीं नवंबर में सिस्टम एक्टिव होने पर बारिश का ट्रेंड भी देखा जाता है।

भोपाल: 1941 में 6.1 डिग्री तक पहुंचा था पारा

भोपाल में नवंबर के दौरान रात का तापमान आमतौर पर 9 से 12 डिग्री के बीच रहता है। पिछले 10 साल में भी ऐसा ही ट्रेंड रहा है। यहां नवंबर में अब तक का सबसे कम तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था। यह रिकॉर्ड 30 नवंबर 1941 का है।

नवंबर में बारिश भी होती रही है। पिछले 10 साल में तीन बार इस महीने बारिश हुई। वहीं, 1936 में नवंबर के दौरान साढ़े 5 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी।

इंदौर: 1938 में 5.6 डिग्री तक गिरा था तापमान

इंदौर में नवंबर के दूसरे सप्ताह से रात के तापमान में तेजी से गिरावट आती है। आमतौर पर न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रहता है। हालांकि, 25 नवंबर 1938 को पारा 5.6 डिग्री तक पहुंच गया था।

दिन का तापमान सामान्य तौर पर 31 से 33 डिग्री के बीच रहता है। इस महीने कभी-कभार बारिश भी होती है।

ग्वालियर: 1970 में 3 डिग्री तक पहुंचा था पारा

पिछले 10 साल के आंकड़ों के मुताबिक, ग्वालियर में नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। हालांकि, 1970 में पारा गिरकर 3 डिग्री पर पहुंच गया था। यह अब तक का रिकॉर्ड है।

दिन का तापमान भी कभी-कभी काफी बढ़ जाता है। 2 नवंबर 2001 को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री दर्ज किया गया था। आमतौर पर यह 33 से 35 डिग्री के बीच रहता है। नवंबर में बारिश भी होती है। 1927 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा था।

जबलपुर: 1989 में 3.9 डिग्री रहा था तापमान

जबलपुर में10 साल के दौरान 2022 में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री तक पहुंचा था। वहीं, अब तक का सबसे कम तापमान 12 नवंबर 1989 को 3.9 डिग्री दर्ज किया गया था।

यहां नवंबर में बारिश का रिकॉर्ड भी रहा है। 1946 में पूरे महीने 6 इंच से ज्यादा बारिश हुई थी। पिछले 10 साल में दो बार नवंबर में बारिश हो चुकी है। दिन का तापमान आमतौर पर 30 से 33 डिग्री के बीच रहता है।

उज्जैन: 1974 में 2.8 डिग्री तक पहुंचा था पारा

उज्जैन में नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान आमतौर पर 10 से 11 डिग्री के बीच रहता है। हालांकि, 30 नवंबर 1974 को पारा गिरकर 2.8 डिग्री तक पहुंच गया था। यह अब तक का रिकॉर्ड है।

वहीं, 6 नवंबर 2008 को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री दर्ज किया गया था। आमतौर पर नवंबर में दिन का तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *