मध्य प्रदेश में विदिशा और बड़वानी से दो अच्छी कहानी… कौशल किशोर चतुर्वेदी

मध्य प्रदेश में विदिशा और बड़वानी से दो अच्छी कहानी…
प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बेहतर काम हो जिसका लाभ आम जनता को मिले तो मन खुश हो ही जाता है। जिलों में प्रशासन और पुलिस की तरफ जन-जन की निगाहें होती हैं। प्रशासनिक स्तर पर योजनाओं का लाभ जब आम जन को मिलता है तो हजारों परिवारों की उम्मीदें पूरी होती हैं। उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति अच्छी होती है तो जीवन स्तर बदलता है। विदिशा जिले में शिल्पकारों और पारंपरिक कारीगरों से जुड़ी योजनाओं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और शिल्पकार प्रशिक्षण योजना के तहत प्रशिक्षण, ऋण और पंजीकरण की सुविधाएं दी जा रही हैं। ऋण स्वीकृति प्रतिशत के मामले में विदिशा मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। एक हजार से ज्यादा परिवार लाभान्वित हुए हैं। यह
गरीब परिवारों के लिए बड़ी उपलब्धि है। तो बड़वानी जिले में पुलिस और आमजन के बीच संवाद की नई पहल ने लोगों के मन से पुलिस का खौफ खत्म कर एक बेहतर माहौल बनाया है। पहल ऐसी है कि उसे राष्ट्रीय स्तर पर स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा है। यहाँ नवाचार जनसंवाद अभियान के तहत “आपकी बात-पुलिस के साथ” और “मिशन 3डी” को राष्ट्रीय स्तर पर इस सम्मान के लिए चुना गया है। निश्चित तौर से ऐसी उपलब्धियां बेहतर नेतृत्व और टीम वर्क कि मिसाल पेश करती हैं।
पहले बात करते हैं विदिशा जिले की। यहां कलेक्टर अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में पारंपरिक हुनर को सम्मान, कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और स्वरोजगार को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना देश के पारंपरिक शिल्पकारों एवं कारीगरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के माध्यम से पीढ़ियों से पारंपरिक व्यवसायों में कार्यरत कारीगरों को न केवल नई पहचान मिल रही है, बल्कि उनके हुनर को आधुनिक स्वरूप देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।योजना के अंतर्गत जिले में स्थानीय निकायों, जिला क्रियान्वयन समिति एवं राष्ट्रीय संचालन समिति द्वारा कुल 3,317 शिल्पकारों के प्रकरण अनुमोदित किए गए हैं। इनमें से 2,596 शिल्पकारों को शासकीय आईटीआई विदिशा एवं अन्य पात्र निजी प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से विभिन्न ट्रेडों में 5 से 7 दिवस का बुनियादी कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। जिले में पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े शिल्पकारों को उनकी कार्यकुशलता के अनुरूप प्रशिक्षण दिया गया है। बुनियादी प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रत्येक शिल्पकार को 4,500 रुपये की स्टाइपेंड राशि प्रदान की गई है। इसके साथ ही सभी प्रशिक्षण प्राप्त शिल्पकारों को अपने व्यवसाय के कार्यों को बेहतर बनाने के लिए 15 हजार रुपये मूल्य की आधुनिक टूलकिट उपलब्ध कराई जा रही है। आधुनिक उपकरणों की सहायता से कारीगर अपने कार्य की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में वृद्धि कर सकेंगे। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को स्वरोजगार एवं व्यवसाय विस्तार के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। विदिशा जिले में प्रशिक्षण प्राप्त कुल 1,136 शिल्पकारों को उनके व्यवसाय के विस्तार एवं आवश्यक संसाधन जुटाने के लिए अब तक 9.58 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। ऋण स्वीकृति के प्रतिशत में मध्यप्रदेश में विदिशा जिले ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने तथा प्रशिक्षण के बाद उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है। उज्जैन नगर निगम आयुक्त रहते हुए अंशुल गुप्ता जनभागीदारी और सीएसआर फंड से ‘यम तलैया’ के पुनरुद्धार के लिए चर्चित रहे। विदिशा में उन्होंने कुपोषण के विरुद्ध ‘पोषण संजीवनी’ अभियान और लड़कियों को पुलिस व सेना की तैयारी के लिए ‘सशक्त वाहिनी’ जैसी पहलें चलाई हैं।

बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में संचालित जनसंवाद अभियान ‘आपकी बात-पुलिस के साथ’ के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने, नागरिकों की समस्याओं को सुनने तथा उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है। पुलिस की इस पहल को स्कॉच अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा है। गौरतलब है कि स्कॉच अवार्ड शासन एवं विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट और परिणाम आधारित नवाचारों को स्वतंत्र एवं बहुस्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद प्रदान किया जाता है। जनसंवाद एक सामुदायिक पुलिस कार्य प्रणाली है जिसमें पुलिस के अधिकारी सीधा संवाद जनता से करते हैं, जनता की समस्याओं को सुनते हैं और उसका सामाधन त्वरित रूप से करने का प्रयास करते हैं, लगातर जनसंपर्क कर जनता की भावनाओं को समझ कर पुलिस की कार्य प्रणाली की दिशा और दिशा तय करते हैं। बड़वानी जिले में जन संवाद की इस नवाचार को विशिष्ट रूप प्रदान करते हुये पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने आपकी बात पुलिस के साथ योजना प्रारंभ की। इसमें सीधे बच्चों से ग्रामीण जनों से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में संवाद की एक नई परंपरा स्थापित की है और जनता खुलकर इसमें सामने आ रही है। पुलिस इसमें अपना योगदान दे रही है। इस उपलब्धि के लिए 111वें स्कॉच समिट का आयोजन 19 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, सिरी इंस्टीट्यूशनल एरिया में किया जाएगा। समिट की थीम ‘विकास, समृद्धि और लचीलापन’ रखी गई है। पद्मलोचन शुक्ला ने नवाचारों के जरिए अपनी विशेष पहचान बना चुके हैं।एसपी रेल रहते हुए उन्होंने पटरियों के पास रहने वाले समुदायों और बच्चों को रेलवे सुरक्षा नियमों, अतिक्रमण के खतरों और जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए पटरी की पाठशाला अभियान चलाया। वहीं यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे को बढ़ाने के लिए शुरू की गई हमारी सवारी भरोसे वाली अवधारणा प्रदेश में काफी चर्चित रही। जनता के साथ मिलकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का अभियान नशे से दूरी 2.0 चलाया गया। झाबुआ एसपी रहते हुए भी उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुधार के लिए 3डी (बिना दहेज, बिना दारू, बिना डीजे) और 3एस (शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन) मिशन चलाए, जिनमें ग्रामवासियों ने संकल्प लिए।

तो प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना विदिशा जिले के पारंपरिक शिल्पकारों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से पीढ़ियों से चले आ रहे पारंपरिक व्यवसायों को नई तकनीक, आधुनिक उपकरणों, कौशल प्रशिक्षण और संस्थागत वित्तीय सहायता से जोड़ा जा रहा है। यह उपलब्धियाँ आमजन में प्रशासन के प्रति भरोसा बनाती हैं। वहीं बड़वानी पुलिस की इस उपलब्धि से मध्य प्रदेश पुलिस की जनसेवा, जनसंवाद और सामुदायिक पुलिसिंग की पहल को राष्ट्रीय पहचान मिली है। यह सम्मान नागरिकों के साथ विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करेगा।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *