
भोपाल में एक प्रतिष्ठित कारोबारी को हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के जरिए 40 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला और उसके परिजनों ने डेढ़ करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग करते हुए झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।
राजधानी में प्रतिष्ठित व्यवसायी को हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाकर 40 लाख रुपये ऐंठने तथा बाद में डेढ़ करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर बागसेवनिया थाना पुलिस ने एक महिला, उसके पति और पिता समेत तीन लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोप है कि दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर यह पूरी रकम ऐंठी गई।
झूठे मामले का डर दिखाकर की वसूली
पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि पूरे घटनाक्रम की शुरुआत दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के साथ हुई थी। आरोपियों की धमकी के दबाव में आकर उन्होंने शुरुआत में महिला को पांच लाख रुपये दिए और फिर 10 लाख रुपये नकद सौंपे। इस लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लिखित अनुबंध भी तैयार हुआ था। व्यवसायी के अनुसार, इन मूल अनुबंध पत्रों पर महिला, उसके पति और अन्य गवाहों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। इस दस्तावेज में महिला के पिता रामकृष्ण देवड़ा को भी एक गवाह के तौर पर शामिल किया गया है।