महाकुंभ में ठंड का कहर — शाही स्नान के बाद NCP नेता समेत 3 की मौत, 3 हजार से ज्यादा लोग बीमार

प्रयागराज महाकुंभ को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब संगम नगरी में उमड़ रहा है। इसके साथ महाकुंभ में कड़ाके की ठंड का कहर भी जारी है। महाकुंभ के उत्साह के बीच मंगलवार को दुखद खबर भी सामने आई। यहां शाही स्नान के बाद NCP के वरिष्ठ नेता महेश कोठे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक संत भी शामिल है। जबकि तीन हजार ज्यादा लोग बीमार हो गए हैं। अस्पताल में मरीजों की लाइन लगी है।

महाकुंभ में NCP नेता महेश कोठे की मौत

महाकुंभ में मकर संक्रांति पर हुए शाही स्नान के दौरान करोड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान प्रचंड ठंड में बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई। मगंलवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के वरिष्ठ नेता महेश कोठे (60 वर्षीय) की मौत हो गई। शादी स्नान के दौरान महेश कोठे को हार्ट अटैक आया था। जिसके बाद दोस्त उन्हें सुबह साढ़े 8 बजे झूसी के उप केंद्रीय अस्पताल ले पहुंचे थे। जहां पर डॉक्टर्स ने महेश कोठे को मृत घोषित कर दिया। महेश कोठे के निधन से पार्टी में शोक की लहर फैल गई है। उनका पार्थिव शरीर महाराष्ट्र (सोलापुर) पहुंचाया जा रहा है। महेश कोठे ने सोलापुर (उत्तर) सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वे हार गए थे। वे सोलापुर के पूर्व महापौर भी रह चुके हैं।

संत और एक श्रद्धालु भी ने भी तोड़ा दम

महाकुंभ में प्रचंड ठंड के बीच एक श्रद्धालु भी बीमार होने के बाद मौत की खबर सामने आई है। राजस्थान के कोटा से महाकुंभ में स्नान के लिए पहुंचे सुदर्शन सिंह की मौत हुई है। सुदर्शन सिंह अपने दोस्तों के साथ मकर संक्रांति पर स्नान के लिए आए थे। संगम में डुबकी लगाने के बाद स्नान के बाद सुदर्शन सिंह की तबीयत बिगड़ गड़ी जिसके बाद उन्हें उप केंद्रीय अस्पताल झुंसी लाया गया। जहां पर डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। कार्डियक अरेस्ट होने की वजह से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। इसी के साथ 85 वर्षीय संत अर्जुन गिरी को भी हार्टअटैक आया था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

3 हजार से ज्यादा लोग बीमार

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कौशिक के अनुसार महाकुंभ में आए लगभग 3 हजार से ज्यादा लोग इलाज कराने के लिए ओपीडी पहुंचे थे। इन श्रद्धालुओं में से 262 को भर्ती किया गया हैं। 37 मरीजों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 650 मरीजों की जांच की गई। बीमार लोगों में कुछ अग्निशमन विभाग के कर्मचारी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *