जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी का हाईवोल्टेज हंगामा, मंच से फेंका माइक-कुर्सियां, CM पुष्कर धामी को बताया ‘कायर’ और धारचूला से चुनाव लड़ने की दी खुली चुनौती, देखें वीडियो

पिथौरागढ़:auljibi Mela Controversy: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले का ऐतिहासिक जौलजीबी मेला इस बार अपनी परंपरा, व्यापार और सांस्कृतिक रंग के लिए नहीं, बल्कि एक राजनीतिक हंगामे के लिए याद किया जाएगा. शनिवार को मेले के मंच पर ऐसा ड्रामा हुआ कि वहां मौजूद हजारों लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते वीडियो पूरे उत्तराखंड में वायरल हो गया.

 

मंच पर चढ़ गए हरीश धामी, फेंका माइक

मेले की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी ने गुस्से में माइक फेंक दिया, साउंड स्टाफ से अभद्रता की और फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खुली चुनौती दे डाली- हिम्‍मत है तो धारचूला से चुनाव लड़कर दिखाओ. भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि हरीश रावत चुनाव में हार के डर से ये ड्रामा कर रहे हैं.

मंच पर चढ़ गए हरीश धामी, फेंका माइक

मामला शुरू हुआ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्य कार्यक्रम से, जो जौलजीवी मेला में रखा गया था. सीएम धामी जौलजीबी मेले में पहुंचे, भाषण दिया, घोषणाएं कीं और फिर वहां से चले गए. मुख्‍यमंत्री के जाते ही माहौल बदल गया. कांग्रेस विधायक हरीश धामी अपने समर्थकों के साथ अचानक मंच पर चढ़ गए. उनका आरोप है कि वे इस मेले के अध्यक्ष हैं, फिर भी उन्हें सभा को संबोधित करने का मौका नहीं दिया गया. उनका माइक बंद कर दिया गया, उन्हें बोलने से रोका गया. बस, फिर क्या था, हरीश धामी का गुस्सा फूट पड़ा और उन्‍होंने माइक और कुर्सियों को फेंकना शुरू कर दिया. इस पूरी घटना को कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों से कैद कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

VIRAL वीडियो में क्या दिख रहा है?

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि हरीश धामी मंच पर खड़े हैं, गुस्से में चिल्ला रहे हैं, हाथ में माइक पकड़े हैं और फिर उसे जोर से फेंक देते हैं. आसपास उनके समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं, साउंड स्टाफ से बहस हो रही है और पुलिसकर्मी स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहे हैं. कुछ देर के लिए तो ऐसा लगा जैसे मेला नहीं, कोई चुनावी रैली चल रही हो. मंच पर हंगामा, नीचे जनता में हलचल और चारों तरफ मोबाइल से वीडियो बनाते लोग. मंच से उतरकर भी हरीश धामी का गुस्‍सा शांत नहीं हुआ, उन्‍होंने कार्यक्रम के लिए लगाई गईं प्‍लास्टिक की कुर्सियों को फेंकना शुरू कर दिया.

CM को धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती

हंगामे के बीच हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी पर सीधा और तीखा हमला बोला. उन्होंने पुष्कर सिंह धामी को “कायर” तक कह डाला. उन्होंने कहा- “अगर हिम्मत है तो धारचूला से चुनाव लड़कर दिखाओ. मैं किसी भी सीट से लड़ने को तैयार हूं, अगर पार्टी कहेगी तो मुख्यमंत्री को हराकर दिखाऊंगा. जनता की ताकत चुनाव में जवाब देगी.” धारचूला, जहां से हरीश धामी विधायक हैं, वहां मुख्‍यमंत्री को चुनाव लड़ने की चुनौती देकर उन्होंने सीधे-सीधे 2027 के चुनाव का बिगुल बजा दिया. ऐसे में बीजेपी ने भी भी उनपर पलटवार करते हुए कह दिया कि ये हार की बौखलाहट नजर आ रही है.

भाजपा का पलटवार- हार के डर से ड्रामा

हरीश धामी की हरकत पर भाजपा ने तुरंत पलटवार किया. भाजपा के जिला मंत्री रघुवीर सिंह ने हरीश धामी के आचरण को पूरी तरह नाकाबिले बर्दाश्त बताया. रघुवीर सिंह ने कहा, “हरीश धामी पिछले 5 साल में अपने क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं करा पाए. अब चुनाव में हार के डर से इस तरह के ड्रामे कर रहे हैं. सार्वजनिक मंच पर माइक फेंकना, स्टाफ से अभद्रता करना, मुख्यमंत्री को कायर कहना, यह किसी विधायक को शोभा नहीं देता.” भाजपा नेता ने दावा किया कि हरीश धामी राज्य में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने की संभावना को देखकर घबराए हुए हैं, इसलिए जानबूझकर हंगामा कर रहे हैं.

जौलजीबी मेला क्यों है इतना खास?

जौलजीबी मेला भारत-नेपाल सीमा पर लगने वाला ऐतिहासिक मेला है, जहां काली और गोरी नदियों का संगम होता है. यहां नेपाल से भी व्यापारी आते हैं, सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं और क्षेत्र के लोगों के लिए यह साल का सबसे बड़ा आयोजन होता है. ऐसे ऐतिहासिक मेले के मंच पर तरह का सियासी हंगामा नहीं होना चाहिए था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *