सोने की कीमत रिकॉर्ड 1.80 लाख रुपए से घटकर 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। यानी इसमें 38 हजार रुपए (21%) की गिरावट आई।
धनतेरस और दिवाली पर पिछले साल के मुकाबले सोने की खरीदारी 30% बढ़ गई।
इसके बाद धनतेरस और दिवाली पर पिछले साल के मुकाबले सोने की खरीदारी 30% बढ़ गई। इस दौरान देश में करीब 52 टन सोना खरीदा गया, जिसकी कीमत 72 हजार करोड़ रुपए रही।वहीं, चांदी की खरीदारी भी 10% बढ़कर 300 टन पहुंच गई। इसकी कीमत करीब 5,400 करोड़ रुपए रही।

सितंबर तक सोने की बिक्री 50% घटी थी
इस वित्त वर्ष में सितंबर तक सोने की बिक्री की मात्रा पिछले साल के मुकाबले करीब 50% घट गई थी। इसकी वजह सोने की ऊंची कीमतें, इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील बताई गई।
शादी के सीजन की शुरुआत ने भी बढ़ाई खरीदारी
IBJA के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, कीमतें बढ़ने के कारण कई ग्राहकों ने सोना खरीदना टाल दिया था। अब कीमतों में गिरावट के बाद वे दोबारा बाजार में लौटे हैं। उनके मुताबिक, सोने की खरीदारी अभी भी जारी है।
वहीं, इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, शादी के सीजन की शुरुआत ने भी खरीदारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

हीरों की बिक्री 250% बढ़ी, दिवाली पर 47% उछाल
बेंगलुरु के ज्वेलरी ब्रांड सी कृष्णैया चेट्टी ज्वेलर्स के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस बार धनतेरस पर प्राकृतिक हीरों की बिक्री 250% ज्यादा रही। यानी पिछले साल अगर 100 हीरे बिके थे, तो इस बार 350 बिके। वहीं, दिवाली के दौरान बिक्री में 47% की बढ़ोतरी हुई। यानी पिछले साल के मुकाबले इस बार 1.47 गुना हीरे बिके।
कंपनी के मुताबिक, प्राकृतिक हीरों की बिक्री पिछले 8 साल में दूसरी सबसे ज्यादा रही। वहीं, लैब में तैयार होने वाले हीरों का बाजार भी तेजी से बढ़ रहा है