हरदोई में नशे में टुन्न युवक ट्रेन के पहियों के नीचे गिरा, बैक मिरर में देखते ही ड्राइवर ने लगाई इमरजेंसी ब्रेक; रेलवे कर्मचारियों ने सुरक्षित निकाला, सीतापुर-बालामऊ रेल लाइन का VIDEO वायरल

हरदोई:उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में ट्रेन चालक की सतर्कता और सूझबूझ से एक युवक की जान बच गई. सीतापुर-बालामऊ रेलवे लाइन पर नशे की हालत में एक युवक अचानक ट्रेन के पहियों के नीचे जा गिरा. घटना अटवा मुठिया और कमालपुर के बीच की बताई जा रही है.

चालक ने युवक को ट्रेन के नीचे गिरते हुए बैक मिरर में देख लिया और तुरंत ट्रेन रोक दी. इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने संयुक्त प्रयास से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग चालक की जमकर सराहना कर रहे हैं.

सीतापुर-बालामऊ रेल लाइन पर बड़ा हादसा होते-होते टला

सीतापुर-बालामऊ रेलवे लाइन पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक कथित रूप से शराब के नशे में ट्रेन के निकट पहुंच गया और अचानक चलती ट्रेन के पहियों के नीचे जा गिरा. घटना हरदोई जिले के अटवा मुठिया और कमालपुर के पास की बताई जा रही है.

शराब के नशे में अचानक ट्रेन के पहियों के नीचे जा गिरा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक के ट्रेन के नीचे आने से मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. हालांकि ट्रेन चालक की सतर्कता ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया. चालक लगातार बैक मिरर पर नजर रखे हुए था और उसने युवक को ट्रेन के नीचे गिरते देख तुरंत ब्रेक लगा दिए. घटना के दौरान मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन से पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड कर लिया. युवक को सुरक्षित निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने के बाद लोग रेलवे चालक और कर्मचारियों की सतर्कता की तारीफ कर रहे हैं.

चालक ने बैक मिरर में देखा और तत्काल ट्रेन रोक दी

ट्रेन रुकने के बाद रेलवे कर्मचारियों और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया. काफी सावधानी के साथ युवक को ट्रेन के पहियों के बीच से बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक ने समय रहते ट्रेन नहीं रोकी होती तो युवक की मौत निश्चित थी. लोगों ने कहा कि चालक की सूझबूझ और रेलवे कर्मियों की तत्परता के कारण एक परिवार उजड़ने से बच गया.