इंदौर में जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर वीडियो बनाने वाली इन्फ्लुएंसर प्रकृति गौर पर FIR, मोबाइल जब्त; बोली- ट्रैफिक नियम नहीं तोड़ा, वीडियो वायरल होने पर थाने बुलाया

इंदौर में ट्रैफिक सिग्नल की जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर वीडियो बनाने वाली इन्फ्लुएंसर युवती प्रकृति गौर पर FIR दर्ज की गई है। तुकोगंज पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। इसके बाद धारा 270, 285 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया।

जेब्रा क्रॉसिंग का वीडियो सामने आने के बाद इन्फ्लुएंसर ने एक और वीडियो जारी कर घटनाक्रम पर खेद जताया था। उसने कहा था कि कुछ लोग उसके वीडियो को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। उसका दावा था कि यह जानबूझकर नहीं किया गया और वीडियो बनाने के दौरान उसने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं किया। उसने कहा था कि आगे से सार्वजनिक स्थानों पर वीडियो शूट करते समय वह ज्यादा सावधानी बरतेगी।

देखिए दो तस्वीरें

इंदौर में जेब्रा क्रॉसिंग पर युवती वाहनों के आगे लेट गई थी।

इन्फ्लुएंसर ने एक और वीडियो जारी कर घटनाक्रम पर खेद जताया है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया था। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए वीडियो की पहचान की थी।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि वायरल वीडियो में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन दिखाई दिया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह की ओर से सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर जारी प्रिवेंटिव ऑर्डर के तहत भी मामले की जांच की जा रही है।

एडिशनल डीसीपी ने कहा कि कोई भी हो, नियम तोड़े तो कार्रवाई होगी।

नियम तोड़ने और जान जोखिम में डालने पर कार्रवाई

एडिशनल डीसीपी ने कहा कि सोशल मीडिया को रेगुलेट करने के लिए पुलिस कमिश्नर की ओर से लगातार गाइडलाइंस जारी की जा रही हैं। इनके उल्लंघन पर FIR भी दर्ज की जाती है।इसके अलावा ट्रैफिक नियम तोड़ने, खुद या दूसरों की जान खतरे में डालने और यातायात बाधित करने पर भी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इन्फ्लुएंसर कोई भी हो, नियमों का उल्लंघन मिलने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *