रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के कर्मचारियों से 40 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया गया। वारदात 29 जून की दोपहर करीब 3 बजे शहर सराय इलाके में हुई। बदमाश ब्लिंकिट कंपनी के डिलीवरी बॉय की ड्रेस पहनकर आए थे और स्कूटी से फरार हो गए।
कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने लूट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित कारोबारी मनीष पटवा ने पुलिस को बताया कि उनके दोस्त गौरव शर्मा के रतलाम में शराब के ठेके हैं।26 से 28 जून तक बैंक बंद रहने के कारण 25 से 28 जून की शराब बिक्री का करीब 40 लाख रुपए का कलेक्शन सुरक्षित रखने के लिए उनके पास भेजा गया था।
एआई जनरेटेड 4 तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम…

शराब बिक्री का करीब 40 लाख रुपए का कलेक्शन मनीष पटवा को दिया था।

ब्लिंकिट की ड्रेस पहने बदमाश ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया।

बदमाश स्कूटी पर बैठे अपने साथी के साथ गायत्री टॉकीज की ओर भाग निकला।

ऊपर घर ले जाते समय बैग छीनकर भागा बदमाश
गौरव के कर्मचारी अमित ने यह रकम मनीष के कर्मचारी फरदीन और उसके पिता फिरोज को दी। नकदी गिनने के बाद मनीष ने दोनों से कहा कि रकम काले बैग में रखकर ऊपर घर में ले जाएं।
इसी दौरान ब्लिंकिट की ड्रेस पहने और चेहरे पर कपड़ा बांधे एक बदमाश वहां पहुंचा। उसने फरदीन को जान से मारने की धमकी दी और बैग छीनकर बाहर खड़ी स्कूटी पर बैठे अपने साथी के साथ गायत्री टॉकीज की ओर भाग निकला।
फरदीन और फिरोज ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
दोस्त के उज्जैन से लौटने के बाद दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के समय गौरव शर्मा उज्जैन में थे। उनके रतलाम लौटने के बाद मनीष पटवा ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हवाला कारोबारी है पीड़ित, पुलिस को लग गई थी भनक
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित कारोबारी मनीष पटवा का नाम हवाला कारोबार से भी जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी जानकारी सामने आई है कि लूट की सूचना पुलिस को घटना वाले दिन ही मिल गई थी, लेकिन उस समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।