
एशियन गेम्स के बीच मध्य प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की मोहन सरकार की अच्छी पहल…
मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में लगातार अपना बेहतर प्रदर्शन दिखा रहे हैं। 38वें नेशनल गेम्स 2025 में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने 82 पदक जीते थे। इसमें 34 स्वर्ण पदक, 25 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल हैं।खेल क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में 32 पदक जीते। इसमें 10 गोल्ड, 9 रजत, 13 कांस्य पदक शामिल हैं। खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 में 11 पदक जीते। इसमें 3 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य शामिल हैं। और फिलहाल जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शानदार खेल दिखाया है। भारत के खाते में अब तक 7 पदक आए हैं। इनमें 4 सिल्वर, 2 ब्रांज और एक गोल्ड मेडल शामिल है। महिला क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही भारत ने पदक तालिका में भी बड़ी छलांग लगाई है। भारत अब टॉप टेन में पहुंच चुका है।मध्य प्रदेश के 32 खिलाड़ियों का चयन 20वें एशियाई खेल 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। और ऐसे उस समय में मध्य प्रदेश सरकार ने 140 विधानसभा क्षेत्रों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का फैसला लेकर अपनी मंशा जता दी है कि समय के साथ मध्य प्रदेश खेल के क्षेत्र में अग्रणी
होने में कोई समझौता नहीं करेगा।
मध्यप्रदेश सरकार ने 22 सितंबर 2026 को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की खेल और युवाप्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के 140 विधानसभा क्षेत्रों में खेल परिसरों के निर्माण व संचालन के लिए 962 करोड़ 50 लाख रूपये की सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। इन खेल परिसरों का नाम मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह कदम खेल प्रतिभाओं को बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए कदम बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। हर विधानसभा स्तर पर खिलाड़ियों की श्रृंखला तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मध्य प्रदेश को हाई परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए खेल मंत्रालय ने पूरी प्लानिंग तैयार कर ली है। इसके लिए प्रदेश सरकार केन्द्र के साथ मिलकर खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च करेगी। प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के साथ-साथ जिला और ग्रामीण स्तर से निकलने वाली प्रतिभाओं को हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग से जोड़ा जाएगा। मध्य प्रदेश खेल विभाग ऐसी रणनीति तैयार कर रहा है ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारे खिलाड़ी पदक जीतने के लिए तैयार हो सकें।
हाल ही में अगस्त के महीने में ही मध्यप्रदेश के 11 खिलाड़ियों को प्रतिष्ठित विक्रम पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को सम्मान और प्रोत्साहन देकर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों के लिए प्रेरित कर रही है। जुलाई के महीने में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप-2026 में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम तथा कांस्य पदक विजेता महिला हॉकी टीम में शामिल मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को राज्य सरकार ने प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी। स्वर्ण पदक विजेता 6 पुरुष खिलाड़ियों को 3-3 लाख रुपए तथा कांस्य पदक विजेता 4 महिला खिलाड़ियों को 1-1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई थी।
तो यही उम्मीद है कि मध्य प्रदेश में खेलों और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन का सरकारी सिलसिला जारी रहेगा। और इसके साथ ही खेल के क्षेत्र में मध्य प्रदेश की प्रतिभाएँ आसमान छूने को तैयार होंगी। इससे मध्यप्रदेश खेल के क्षेत्र में हर स्तर पर नए कीर्तिमान रचकर देश में पहले स्थान पर अपना नाम दर्ज कराने में सफल होगा… 140 विधानसभा क्षेत्रों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का मध्यप्रदेश सरकार का फैसला वास्तव में एशियन गेम्स के बीच मध्य प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की मोहन सरकार की अच्छी पहल है।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।