मां ने सबको बता दिया कि मेरा बेटा शिवराज भारत की राजनीति का सितारा है… कौशल किशोर चतुर्वेदी

मां ने सबको बता दिया कि मेरा बेटा शिवराज भारत की राजनीति का सितारा है…
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशीबाई की त्रयोदशी, शांति भोज और श्रद्धांजलि सभा का कार्यक्रम 12 नवंबर 2026 को भोपाल के नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में आयोजित किया गया। इस श्रद्धांजलि सभा और शांति भोज में देश और राज्यों के कई बड़े दिग्गज नेता शामिल हुए। देखा जाए तो मां की त्रयोदशी में शिवराज के साथ देश का राजनीतिक नेतृत्व खड़ा दिखा। संवेदना व्यक्त करने के लिए देश के राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक जगत की प्रमुख हस्तियां भोपाल पहुंचीं।

पहले खबर पर नजर डालते हैं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी की स्मृति में 12 नवंबर 2026 को भोपाल में त्रयोदशी एवं गंगाजली पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश और प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भोपाल पहुंचकर दिवंगत माताजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मध्य प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी सहित छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं अरुण साव भोपाल पहुंचे। सभी नेताओं ने स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और श्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति पर ढांढस बंधाया। योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मध्य प्रदेश के पूर्व प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। राजनैतिक दिग्गजों की इस यात्रा को शिवराज सिंह चौहान के प्रति उनके व्यक्तिगत संबंधों और राजनीतिक आत्मीयता के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी का 30 अक्टूबर 2026 को भोपाल स्थित एम्स में उपचार के दौरान दुःखद निधन हो गया था। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और एम्स भोपाल में उनका उपचार चल रहा था। दिवंगत माताजी का सीहोर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव जैत में वैदिक परंपराओं एवं विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था। त्रयोदशी कार्यक्रम में पहुंचने वालों में करुणा धाम के पीठाधीश्वर सुदेश शांडिल्य ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। क्रिश्चियन धर्मगुरुओं ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, छत्तीसगढ़ के मंत्री रामविचार नेताम, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, मंत्री तुलसी सिलावट, राव उदय प्रताप सिंह, विधायक प्रभुराम चौधरी और गोपाल सिंह इंजीनियर ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व मंत्री जयंत मलैया अपने बेटे और बहू के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। सांसद भारती पारदी, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह और जयस के राष्ट्रीय संरक्षक एवं कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने भी पहुंचकर काशी बाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक राजकुमार मटाले, भाजपा के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी और तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्रन ने भी श्रद्धांजलि दी। इनके अलावा भी मध्य प्रदेश के सांसद, विधायकों और नौकरशाहों की बड़ी उपस्थिति देखी गई।

निश्चित तौर से शिवराज सिंह चौहान का राजनीतिक जीवन बहुत लंबा और छोटे कार्यकर्ता से लेकर बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले एक दिग्गज के रूप में रहा है। सबसे खास बात यह है कि उनकी सहजता, सरलता और विनम्रता पर पदों का असर कभी नहीं हो पाया। और यह किसी से छिपा नहीं है कि जितना उनका राजनैतिक दायरा है, उससे ज्यादा उनका व्यक्तिगत दायरा भी है। और माँ की त्रयोदशी में दिखी दिग्गजों की उपस्थिति को भले ही अलग-अलग नजरिए से देखा जाएगा लेकिन यह बात भी सच है कि भाजपा में शिवराज का दायरा अब सामान्य सोच से बहुत अधिक विस्तार ले चुका है। पिछले 13 दिन में भी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शिवराज सिंह चौहान के भोपाल निवास पर आने वाले पूरे देश के सभी दलों के दिग्गजों की लंबी सूची है और माँ तो माँ होती है। माँ ने जाते-जाते भी पूरी दुनिया को यह दिखा दिया है कि मेरा बेटा शिवराज भारत की राजनीति का सितारा है और उसकी बराबरी पर भारतीय राजनीति और भाजपा के चुनिंदा चेहरे ही शामिल हैं… और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में 17 साल की लंबी पारी और अब केंद्रीय कृषि मंत्री के रूप में शिवराज
की लोकप्रियता का ग्राफ भी हमेशा शिखर पर रहा है।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *