बधाई के मौके फील गुड कराते हैं… फिर मेलोनी और मोदी की बात ही खास है… कौशल किशोर चतुर्वेदी

बधाई के मौके फील गुड कराते हैं… फिर मेलोनी और मोदी की बात ही खास है…
दोस्तों के जीवन में एक दूसरे को बधाई देने के अवसर आते रहना चाहिए। बधाई के यह मौके दोस्तों को फील गुड कराते हैं। और जब दोस्ती खास हो,तब फील गुड की खुशियां भी उतनी ही खास हो जाती हैं। आज यह खास चर्चा मोदी और मेलोनी पर केंद्रित है। जॉर्जिया मेलोनी इटली के पोस्ट-वॉर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार पीएम रहने वाली नेता बन गई हैं। पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी तो मेलोनी के रिप्लाई ने पूरी दुनिया को रोमांचित कर दिया।
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने 4 सितंबर को देश के युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बना लिया। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी, जिसका जॉर्जिया मेलोनी ने रिप्लाई किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलोनी की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के लिए बेहतर और समृद्ध भविष्य बनाने के लिए सहयोग जारी रखने की बात भी कही। उन्होंने ‘एक्‍स’ पर पोस्ट में लिखा, ‘मेरी मित्र प्रधानमंत्री मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास की सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाली प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इटली की जनता के विश्वास और भरोसे को दर्शाती है।’ इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के पोस्ट पर रिप्लाई किया, ‘डियर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपके बधाई संदेश और आपकी दोस्ती के लिए धन्यवाद। आज इटली और भारत के बीच रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं। हमारी पिछली मुलाकात के दौरान हमने जो स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप शुरू की थी, वह इस रिश्ते की अहमियत को दर्शाती है। मुझे यकीन है कि इटली और भारत मिलकर हमारे महाद्वीपों के बीच के रिश्ते को और मजबूत करते रहेंगे और ‘इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर को विकसित करने के लिए भी साथ मिलकर काम करेंगे।’
जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। उनकी सरकार अब तक 1,413 दिन पूरे कर चुकी है। इस उपलब्धि पर मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर खुशी जताई और इसे जिम्मेदारी की भावना के साथ स्वीकार किया। उन्होंने लिखा, ‘आज हमारी सरकार इटालियन गणराज्य के इतिहास की सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बन गई है।’ मेलोनी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में उनकी सरकार ने रोजगार बढ़ाने, बेरोजगारी कम करने, परिवारों और कारोबारों को समर्थन देने, सुरक्षा मजबूत करने, सरकारी वित्त को जिम्मेदारी से संभालने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर इटली की साख और प्रभाव को बढ़ाने के लिए काम किया है।
गौरतलब है कि मेलोनी ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार का रिकॉर्ड तोड़ा है। बर्लुस्कोनी की दूसरी कैबिनेट 2001 से 2005 तक 1412 दिन सत्ता में रही थी।
मेलोनी 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं। वे दक्षिणपंथी पार्टी ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ की प्रमुख भी हैं।
जून 2026 में जब नरेंद्र मोदी ने 4399 दिन लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहकर जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा था, तब इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी उन्हें बधाई दी थी। इससे पहले मई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का पैकेट गिफ्ट किया था। मेलोनी ने बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया और मोदी को गिफ्ट के लिए धन्यवाद दिया था। मोदी और मेलोनी की साथ की तस्वीरों के बाद सोशल मीडिया पर #मेलोडी काफी लोकप्रिय हुई थी।
मोदी और दोस्ती को लेकर
फिलहाल एक खबर और चर्चा में है।भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों से कई दूसरे देश ‘जलते’ हैं। गोर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प प्रधानमंत्री मोदी को अपना दोस्त मानते हैं और दिसंबर में होने वाले G20 समिट के दौरान जिन नेताओं से वह मिलना चाहते हैं, उनमें मोदी का नाम सबसे ऊपर होगा।
गोर साहब को शायद ट्रंप का नाम लेकर और मोदी के साथ दोस्ती का हवाला देकर ज्यादा बोर नहीं करना चाहिए। ट्रंप और मोदी की दोस्ती से कोई नहीं जलता है क्योंकि बार-बार यह दोस्ती ही जलकर खाक होने लगती है। हाँ यह ज़रूर कहा जा सकता है कि मोदी-मेलोनी की दोस्ती से जरूर ट्रंप और दुनिया के कई ताकतवर नेता जलते होंगे। यहां तक कि खुद पंडित जवाहर लाल नेहरू अगर होते तो उन्हें भी मोदी-मेलोनी की दोस्ती से थोड़ी सी जलन तो जरूर होती। खैर मोदी ने मेलोनी को बधाई देकर यह अहसास कराया है कि बधाई के मौके फील गुड कराते हैं… और वैसे भी मेलोडी के बाद से परवान चढ़ी दोस्ती में मेलोनी और मोदी की बात ही खास है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *