सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को मिलेगी रफ्तार: CM मोहन यादव उज्जैन में 948.73 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन, 50 KM सड़कें और 84 महादेव मंदिरों का होगा कायाकल्प; 46 किसानों को बांटेंगे 37 करोड़ का मुआवजा

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को उज्जैन में 948.73 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन कार्यों में सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 50 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण, श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर और 84 महादेव मंदिरों का विकास शामिल है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सड़क निर्माण के लिए जमीन देने वाले 46 किसानों को 37 करोड़ रुपए का मुआवजा भी वितरित करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने उज्जैन में बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब से भेंट भी की। सैयदना साहब ने दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मध्यप्रदेश की प्रगति, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं कल्याण के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिए।

सिंहस्थ के विकास कार्यों पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सैयदना साहब से प्रदेश में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। सैयदना साहब ने सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर उज्जैन के कायाकल्प और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

भूमिपूजन कार्यक्रम सुबह 10 बजे चिंतामण रोड स्थित अथर्व होटल में होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में भी शामिल होंगे। विकास कार्य उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के माध्यम से कराए जाएंगे।

सिंहस्थ क्षेत्र में 495 करोड़ से बनेंगी सड़कें

सिंहस्थ क्षेत्र में करीब 50 किलोमीटर लंबी पक्की सड़कों का निर्माण 495 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से सिंहस्थ के दौरान मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं और अन्य वाहनों का आवागमन आसान होगा।

सड़क निर्माण में जिन किसानों की जमीन ली जा रही है, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जा रहा है। इस मद में कुल करीब 370 करोड़ रुपए वितरित किए जाने हैं। मंगलवार को 46 किसानों को 37 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

अंगारेश्वर और 84 महादेव मंदिरों का होगा विकास

श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर के विकास पर 3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत मंदिर परिसर का विकास, दुकानों का व्यवस्थित निर्माण और पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी।

वहीं, 84 महादेव मंदिरों के विकास के पहले पैकेज पर 3.80 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें मंदिरों के फर्श और दीवारों का सौंदर्यीकरण, जरूरी मरम्मत, वॉटरप्रूफिंग, विश्राम शेड, पेयजल सुविधा और सीसी रोड निर्माण जैसे काम किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सिंहस्थ से पहले मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *